बैंक कर्मचारियों को हर शनिवार छुट्टी का आदेश, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावे की क्या है सच्चाई?

punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 04:15 PM (IST)

नई दिल्लीः बैंक कर्मचारियों के लिए हर शनिवार छुट्टी को मंजूरी दिए जाने का दावा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल पोस्ट में वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग की ओर से जारी कथित आदेश का हवाला देते हुए दावा किया गया है कि केंद्र सरकार ने सभी सरकारी बैंकों में प्रत्येक शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। हालांकि, यह दावा फर्जी है।

क्या है वायरल दावे की सच्चाई?

वायरल दस्तावेज में दावा किया गया है कि भारतीय स्टेट बैंक (SBI) समेत सभी सरकारी बैंकों में हर शनिवार छुट्टी रहेगी। हालांकि, वित्त मंत्रालय या संबंधित सरकारी विभागों की ओर से ऐसा कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है।

सरकारी फैक्ट-चेक प्लेटफॉर्म PIB Fact Check ने भी इस दावे को गलत बताया है। PIB Fact Check ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए स्पष्ट किया कि बैंकों में हर शनिवार सार्वजनिक अवकाश घोषित करने से संबंधित वित्त मंत्रालय ने कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया है।

PunjabKesari

UFBU ने टाल दी थी तीन दिन की हड़ताल

बैंक कर्मचारियों के लिए सप्ताह में दो दिन छुट्टी की मांग को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था।

हालांकि, इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) की ओर से मांगों पर विचार और समाधान का भरोसा दिए जाने के बाद UFBU ने प्रस्तावित हड़ताल टाल दी थी।

सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी से सावधान

PIB Fact Check ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऐसे सरकारी आदेशों की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से ही करें। फिलहाल सरकार की ओर से सरकारी बैंकों में प्रत्येक शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News