लगातार पांचवें महीने GST क्लेक्शन 1 लाख के पार, फरवरी 2020 से अधिक का संग्रह

punjabkesari.in Monday, Mar 01, 2021 - 06:23 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः राजस्‍व के मोर्चे पर सरकार के लिए खुशखबरी आई है। फरवरी माह में जीएसटी संग्रह (GST collections) 7 फीसदी बढ़कर 1.13 लाख करोड़ रुपए रहा है। यह लगातार ऐसा तीसरा महीना है, जब सरकार को 1.1 लाख करोड़ रुपए से अधिक का जीएसटी प्राप्‍त हुआ है। पिछले साल फरवरी में जीएसटी कलेक्शन 1 लाख 5 हजार करोड़ रुपए था। 

पिछले पांच महीनों से जीएसटी राजस्‍व में रिकवरी का ट्रेंड बना हुआ है। फरवरी, 2021 में जीएसटी राजस्‍व पिछले साल के समान माह की तुलना में 7 प्रतिशत अधिक प्राप्‍त हुआ है। जनवरी 2021 में जीएसटी राजस्‍व संग्रह 1.13 लाख करोड़ रुपए रहा था। वित्‍त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि जीएसटी राजस्‍व ने लगातार पांचवें महीने 1 लाख करोड़ रुपए का स्‍तर पार किया है।

वित्‍त मंत्रालय के मुताबिक फरवरी, 2021 में सीजीएसटी 21,092 करोड़ रुपए, एसजीएसटी 27,273 करोड़ रुपए, आईजीएसटी 55,253 करोड़ रुपए (उत्‍पादों के आयात पर संग्रहित 24,382 करोड़ रुपए सहित) और उपकर 9,525 करोड़ रुपए (उत्‍पादों के आयात पर संग्रहित 660 करोड़ रुपए सहित) प्राप्‍त हुआ है।

पिछले महीने बना था GST कलेक्शन का रिकॉर्ड
जनवरी 2021 में GST कलेक्शन के तौर पर सरकार को 1 लाख 19 हजार 847 करोड़ रुपए का राजस्व मिला था। GST प्रणाली लागू होने के बाद यह सबसे ज्यादा टैक्स कलेक्शन का एक रिकॉर्ड था। इससे पहले दिसंबर 2020 में 1 लाख 15 हजार 174 करोड़ के रेवेन्यू के साथ सबसे ज्यादा GST कलेक्शन का रिकॉर्ड बना था।

2020 में केवल 5 महीने 1 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा कलेक्शन
कोविड-19 महामारी और लॉकडाउन के कारण 2020 में सिर्फ पांच महीने GST कलेक्शन एक लाख करोड़ रुपए से अधिक रहा है। वित्त मंत्रालय के मुताबिक, जनवरी 2020 में 1 लाख 10 हजार 828 करोड़ रुपए कलेक्शन रहा था। इसके अगले महीने फरवरी में 1 लाख 5 हजार 366 करोड़ रुपए आए थे। अनलॉक के बाद अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर में कलेक्शन एक लाख करोड़ रुपए से अधिक रहा है।

अप्रैल में सबसे कम कलेक्शन हुआ था
कोविड-19 के कारण लगाए गए लॉकडाउन से मार्च से GST कलेक्शन घटने लगा था। उस महीने कलेक्शन एक लाख करोड़ रुपए से कम होकर 97 हजार 597 करोड़ रुपए रह गया था। अप्रैल में तो यह सिर्फ 32 हजार 172 करोड़ रुपए रह गया जो अब तक का सबसे कम है। हालांकि मई से इसमें लगातार सुधार हो रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News