डीजल और ATF पर फिर घटा टैक्स, पेट्रोल पर ड्यूटी में कोई बदलाव नहीं
punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 08:33 AM (IST)
नई दिल्ली : वित्त मंत्रालय की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार केंद्र सरकार ने लगातार दूसरे पखवाड़े (दो हफ्ते की अवधि) में डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) पर एक्सपोर्ट लेवी (विंडफॉल टैक्स) में कटौती की है। इसके तहत 1 अक्टूबर से डीजल पर ड्यूटी घटाकर 16 रुपए प्रति लीटर और ATF पर 10.5 रुपए प्रति लीटर कर दी गई है। पिछले पखवाड़े में लागू 20 रुपए प्रति लीटर की दर के मुकाबले डीजल एक्सपोर्ट लेवी में 4 रुपए प्रति लीटर की कटौती की गई है, जबकि ATF लेवी में 15 रुपए प्रति लीटर से 4.5 रुपए प्रति लीटर की कमी की गई है। पेट्रोल पर लेवी 0.5 रुपए प्रति लीटर पर अपरिवर्तित (बिना किसी बदलाव के) बनी हुई है।
एक सितंबर से डीजल एक्सपोर्ट लेवी में 9 रुपये प्रति लीटर की कटौती कर इसे 16 रुपए प्रति लीटर कर दिया गया है जबकि ATF लेवी में 8.5 रुपये प्रति लीटर की कमी कर इसे 10.5 रुपए प्रति लीटर कर दिया गया है। नई नोटिफिकेशन एक्सपोर्ट लेवी से संबंधित सरकार के 26 मार्च के नोटिफिकेशन में संशोधन करते हैं। संशोधित दरें 1 अक्टूबर, 2026 से लागू होंगी।
पश्चिम एशिया संकट के बीच एक्सपोर्ट को हतोत्साहित करने और पेट्रोलियम उत्पादों की घरेलू उपलब्धता का समर्थन करने के लिए 27 मार्च 2026 से पेट्रोल, डीजल और ATF पर लेवी लागू की गई थी। पिछली समीक्षा के बाद की अवधि के दौरान कच्चे तेल, पेट्रोल, डीजल और ATF की औसत अंतरराष्ट्रीय कीमतों के आधार पर हर पखवाड़े दरों की समीक्षा की जाती है। इसलिए यह नया कदम एक्सपोर्ट लेवी में सरकार के पखवाड़े-दर-पखवाड़े समायोजन को जारी रखता है जिसमें अगली दरें उसी समीक्षा तंत्र और पेट्रोलियम उत्पादों की मौजूदा अंतरराष्ट्रीय कीमतों के माध्यम से तय की जाएंगी।
नोटिफिकेशन के साथ दिए गए स्पष्टीकरण के अनुसार घरेलू खपत के लिए जारी पेट्रोल और डीजल पर मौजूदा एक्साइज ड्यूटी दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सरकार ने पिछली बार 16 सितंबर से लेवी में संशोधन किया था, जब डीजल पर ड्यूटी घटाकर 20 रुपए प्रति लीटर, ATF पर 15 रुपए प्रति लीटर और पेट्रोल पर 0.5 रुपए प्रति लीटर कर दी गई थी।
