सरकारी कर्मचारियों के लिए दीपावली बोनस की घोषणा

punjabkesari.in Wednesday, Sep 28, 2016 - 07:39 PM (IST)

चेन्नई: तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे. जयललिता ने राज्य के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के तीन लाख 67 हजार कर्मचारियों को दीपावली त्योहार के लिए 476.71 करोड़ रुपए का बोनस देने की आज घोषणा की।

जयललिता ने अपने बयान में कहा कि लाभ कमाने वाली कंपनियों के कर्मचारियों को 20 प्रतिशत बोनस (8.33 प्रतिशत बोनस और 11.67 प्रति अनुग्रह) दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि घाटे में चल रही इकाईयों के कर्मचारियों को भी 10 प्रतिशत बोनस दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु बिजली बोर्ड (टीएनईबी), सार्वजनिक परिवहन निगमों और नागरिक आपूर्ति प्राधिकरण के कर्मचारियों को भी 20 प्रतिशत बोनस दिया जाएगा।

उन्होंने विभिन्न वर्गों के कर्मचारियों के बोनस ब्यौरे की सूची जारी करते हुए कहा कि टीएनईबी के अनुबंधित कर्मचारियों को चार हजार रुपए का बोनस दिया जाएगा और नागरिक आपूर्ति प्राधिकरण के अनुबंधित कर्मचारियों को तीन हजार रुपए का बोनस दिया जाएगा। उन्होंने सी और डी समूह के कर्मचारियों को भी बोनस दिए जाने का आदेश दिया है।

जयललिता ने सरकारी कर्मचारियों को देश के आर्थिक विकास की रीढ़ मानते हुए कहा कि उनके विकास से ही राष्ट्र के सर्वांगीण विकास की शुरुआत होगी। उन्होंने पिछले साल भी सरकारी कर्मचारियों के लिए दीपावली पर 20 प्रतिशत बोनस की घोषणा की थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News