भारत ने उठाया सख्त कदम, दक्षिण कोरिया से सोना-चांदी के आयात पर प्रतिबंध

punjabkesari.in Saturday, Aug 26, 2017 - 10:41 AM (IST)

नई दिल्लीः सरकार ने दक्षिण कोरिया से सोना और चांदी के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया। वहां से मूल्यवान धातु के आयात में वृद्धि पर लगाम लगाने के इरादे से यह कदम उठाया गया है। आयातकों को अब दक्षिण कोरिया से सोना और चांदी के आयात के लिये विदेश व्यापार महानिदेशालय से लाइसेंस प्राप्त करना होगा।

दक्षिण कोरिया से मूल्यवान धातु के आयात में अचानक वृद्धि को देखते हुए ये प्रतिबंध लगाए गए हैं। भारत का दक्षिण कोरिया के साथ जनवरी 2010 से मुक्त व्यापार समझौता है। दक्षिण कोरिया से सोने का आयात इस साल एक जुलाई से तीन अगस्त के बीच बढ़कर 33.86 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया। वित्त वर्ष 2016-17 में आयात 7.05 करोड़ डॉलर था। डी.जी.एफ.टी. ने एक अधिसूचना में प्रतिबंध लगाए जाने के बारे में जानकारी दी है।

भारत और दक्षिण कोरिया के बीच मुक्त व्यापार समझौते के तहत सोने पर मूल सीमा शुल्क को समाप्त कर दिया गया। पुन: सोने पर 12.5 प्रतिशत प्रतिपूरक शुल्क अब माल एवं सेवा कर (जी.एस.टी.) में समाहित हो गया है। इसके अनुसार आयात पर अब केवल तीन प्रतिशत एकीकृत जी.एस.टी. लग रहा है। हालांकि, ऐसे देश जिनके साथ भारत का मुक्त व्यापार समझौता नहीं है सोने के आयात पर 10 प्रतिशत सीमा शुल्क लगता है। चीन के बाद भारत दुनिया में सोने का दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता देश है।      
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News