TCS कर्मचारियों के लिए Good News, 70% कर्मचारियों को मिलेगा पूरा वेरिएबल पे
punjabkesari.in Thursday, Jul 17, 2025 - 12:23 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः देश की सबसे बड़ी आईटी सर्विस कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के लिए अपने 70% से ज्यादा कर्मचारियों को पूरा वेरिएबल पे देने का ऐलान किया है। कंपनी के बाकी कर्मचारियों को यह भुगतान उनकी संबंधित बिजनेस यूनिट की परफॉर्मेंस के आधार पर मिलेगा।
कौन-कौन होंगे वेरिएबल पे के पात्र?
एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले हफ्ते TCS के चीफ ह्यूमन रिसोर्स ऑफिसर मिलिंद लक्कड़ ने कर्मचारियों को भेजे ईमेल में बताया कि C2 ग्रेड (या इसके समकक्ष) के अंतर्गत आने वाले सभी कर्मचारियों को 100% क्वार्टरली वेरिएबल अलाउंस मिलेगा। C3 ग्रेड और उससे ऊपर के कर्मचारियों के लिए पेआउट उनकी यूनिट के प्रदर्शन पर आधारित होगा।
TCS के कर्मचारी ग्रेड क्या होते हैं?
बता दें कि टीसीएस में कर्मचारियों के ग्रेड होते हैं- ट्रेनी कर्मचारी Y लेवल के तहत आते हैं। C1 लेवल पर सिस्टम इंजीनियर्स आते हैं। फिर एक-एक कर C2, C3 (A & B), C4, C5 लेवल आता है और सबसे ऊपर CXO है। C3 या उससे ऊपर बैंड के तहत आने वाले कर्मचारियों को सीनियर स्टाफ माना जाता है। इसी C2 कैटेगरी में आने वाले 70 परसेंट कर्मचारियों को तीन महीने का उनका पूरा वेरिऐबल मिलेगा।
इंक्रीमेंट पर अभी इंतज़ार
कंपनी ने बताया है कि मौजूदा आर्थिक चुनौतियों और कमजोर डॉलर के चलते इंक्रीमेंट का फैसला अगली तिमाही के लिए टाल दिया गया है। TCS आम तौर पर 1 अप्रैल से वेतन वृद्धि की प्रक्रिया शुरू करती है लेकिन इस बार देरी हुई है। हालांकि, इस बीच कंपनी ने 5100 से ज्यादा नई हायरिंग की है, जिससे कर्मचारियों की कुल संख्या अब 6.13 लाख से अधिक हो गई है।
तगड़ा मुनाफा, मिला डिविडेंड
TCS ने FY26 की पहली तिमाही में
- ₹12,760 करोड़ का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया (6% की सालाना बढ़त)
- ऑपरेशनल रेवेन्यू ₹63,437 करोड़ रहा, जो पिछले साल की तुलना में 1.32% अधिक है
- कंपनी ने ₹11 प्रति शेयर का डिविडेंड देने की घोषणा भी की है