ओरिजिनल्स की वापसी: येजदी और बीएसए ने 2 शानदार नई स्क्रैम्बलर मोटरसाइकिलें लॉन्च कीं
punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 03:55 PM (IST)
मुंबईः क्लासिक लीजैंड्स ने भारत में अपनी दो नई स्क्रैम्बलर बाइक्स येजदी स्क्रैम्बलर 350 का अपडेटेड वर्जन और बीएसए स्क्रैम्बलर 650 लॉन्च की हैं। इन दोनों बाइक्स के जरिए कंपनी भारतीय बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है, खासकर रेट्रो-थीम मोटरसाइकिल सेगमैंट में।
नई येजदी स्क्रैम्बलर 350 में इंजन को अपडेट किया गया है, जिससे इसकी परफॉर्मैंस बेहतर हुई है। इसमें 334सीसी का सिंगल-सिलैंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन मिलता है, जो पहले से ज्यादा पावर और टॉर्क जनरेट करता है। इसके अलावा बाइक का वजन भी कम किया गया है, जिससे इसे चलाना और कंट्रोल करना पहले से आसान हो गया है, खासकर ऑफ-रोडिंग में।
फीचर्स में भी हुआ सुधार
इस अपडेटेड मॉडल में कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं। अब इसमें स्विचेबल ट्रैक्शन कंट्रोल और ज्यादा जानकारी देने वाला एलसीडी इंस्ट्रूमैंट क्लस्टर मिलता है। यह बाइक कई आकर्षक रंग विकल्पों में उपलब्ध है, जिससे इसका लुक और अपील बेहतर हो गई है।
बीएसए स्क्रैम्बलर 650 में क्या है खास?
बीएसए मोटरसाइकिल्स की नई बीएसए स्क्रैम्बलर 650 भी भारत में लॉन्च की गई है। यह बाइक बीएसए गोल्ड स्टार 650 पर आधारित है, लेकिन इसमें स्क्रैम्बलर स्टाइल के हिसाब से कई बदलाव किए गए हैं। इसमें 652सीसी का इंजन मिलता है, जो मजबूत पावर और टॉर्क देता है, जिससे यह हाईवे और ऑफ-रोड दोनों के लिए उपयुक्त बनती है।
रॉयल एनफील्ड को देगी टक्कर
नई बीएसए स्क्रैम्बलर 650 सीधे तौर पर रॉयल एनफील्ड बेयर 650 को टक्कर देती है, जो इस सेगमैंट में पहले से मौजूद है। इसके डिजाइन, टायर सैटअप और एग्जॉस्ट साऊंड को खासतौर पर स्क्रैम्बलर अनुभव के लिए तैयार किया गया है।
डिजाइन और हार्डवेयर में बदलाव
स्क्रैम्बलर 650 में बड़े स्पोक व्हील्स, ऑफ-रोड टायर्स और नया सब-फ्रेम दिया गया है। जिससे इसका लुक और परफॉर्मैंस दोनों बेहतर हुए हैं। इसके अलावा, इसमें स्क्रैम्बलर-स्टाइल सीट और अलग एग्जॉस्ट सैटअप दिया गया है, जो इसे एक अलग पहचान देता है।
