Gold Jewellery खरीदने वालों के लिए अच्छी खबर, कीमतों में आएगी बड़ी गिरावट, एक्सपर्ट्स का अनुमान!
punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 01:42 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः अगर आप गोल्ड ज्वेलरी खरीदने की सोच रहे हैं तो ये खबर आपके लिए अच्छी खबर हो सकती है। सोना और चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच बाजार विशेषज्ञों ने आगे और गिरावट की संभावना जताई है। इससे निवेशकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है, जबकि मध्यम वर्ग के लिए यह खरीदारी का मौका बन सकता है।
Robert Prechter से जुड़े विश्लेषण मंच Elliott Wave के अनुसार, कीमती धातुओं में फिलहाल स्थिरता नहीं है और कीमतों में आगे और गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यह गिरावट भविष्य में अच्छे मौके दे सकती है।
सोने में बड़ी गिरावट के संकेत
विशेषज्ञों का मानना है कि सोना 4,000 डॉलर से नीचे फिसलकर करीब 3,800 डॉलर तक आ सकता है। भारतीय मुद्रा में यह स्तर लगभग ₹1.18 लाख प्रति 10 ग्राम के आसपास माना जा रहा है।
हाल ही में सोना 1980 के बाद की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज कर चुका है, जो बाजार में अस्थिरता का संकेत देता है। फिलहाल 22 कैरेट सोना करीब ₹13,850 प्रति ग्राम और ₹1,10,800 प्रति तोला के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
दो संभावित रास्ते
विश्लेषकों के अनुसार, सोने की कीमतों के आगे दो संभावित रुख हो सकते हैं, पहला, कीमतें इस स्तर पर स्थिर रह सकती हैं और फिर धीरे-धीरे गिरना शुरू हो सकती हैं। दूसरा, जिसे अधिक जोखिम भरा माना जाता है, उसमें सोना पहले $4,800 के पार जा सकता है, फिर $5,200 तक पहुंच सकता है और उसके बाद इसमें भारी गिरावट आ सकती है, ऐसा उन्होंने अनुमान लगाया है।
चांदी भी उसी राह पर
चांदी की कीमतें भी सोने के ट्रेंड का ही अनुसरण कर रही हैं। फिलहाल चांदी ₹255 प्रति ग्राम और ₹2.55 लाख प्रति किलोग्राम के स्तर पर है।
निवेशकों के लिए क्या करें?
विशेषज्ञों का कहना है कि जल्दबाजी में निवेश से बचना चाहिए। ट्रेडर्स जहां शॉर्ट टर्म मुनाफे पर ध्यान देते हैं, वहीं निवेशकों को लंबी अवधि के नजरिए से फैसला लेना चाहिए। अगर कीमतें मजबूत सपोर्ट स्तर पर आती हैं, तो यह खरीदारी का अच्छा मौका हो सकता है।
