कमोडिटी मार्केट में हलचल, रिकॉर्ड तेजी के बाद गिरे सोने-चांदी, कॉपर के दाम, जानें क्यों आई गिरावट?
punjabkesari.in Thursday, Jan 22, 2026 - 05:31 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः आज सोना और चांदी की तरह तांबे (Copper) की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया फैसले का असर कमोडिटी बाजार पर साफ दिख रहा है। अमेरिका द्वारा यूरोपीय देशों पर प्रस्तावित टैरिफ वापस लेने के ऐलान के बाद कमोडिटी मार्केट में मुनाफावसूली देखने को मिल रही है, जिससे तांबे के दाम फिसले हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में तांबा टूटा
कॉमेक्स (COMEX) पर आज तांबे की कीमत 5.7190 डॉलर प्रति पाउंड पर आ गई, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 5.8455 डॉलर प्रति पाउंड पर बंद हुई थी।
MCX पर क्या है तांबे का हाल
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर तांबे का भाव बीते सत्र में 1,277.50 रुपए प्रति किलो पर बंद हुआ था। खबर लिखे जाने के समय तांबा 1.60 फीसदी लुढ़कर 1,259.35 रुपए प्रति किलो पर कारोबार कर रहा था। वहीं MCX पर सोने में 1112 रुपए की गिरावट आई है, जबकि चांदी 9655 रुपए सस्ती हुई है।
टैरिफ फैसले का असर
दरअसल, अमेरिका ने ग्रीनलैंड से जुड़े विवाद के बाद यूरोपीय देशों पर 1 फरवरी 2026 से 10% टैरिफ लगाने की चेतावनी दी थी। इस ऐलान के बाद वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बढ़ गई थी, जिससे शेयर बाजारों में गिरावट और कमोडिटी बाजारों में तेज उछाल देखने को मिला। अब अमेरिका द्वारा यह प्रस्तावित टैरिफ वापस लेने के फैसले से कमोडिटी बाजार की तेजी पर ब्रेक लगा है और शेयर बाजारों में राहत की रैली नजर आ रही है।
आगे क्या तांबे में फिर आएगी तेजी?
एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिलहाल तांबे की कीमतों में गिरावट शॉर्ट टर्म मुनाफावसूली का नतीजा है। इलेक्ट्रिक व्हीकल, रिन्यूएबल एनर्जी और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में बढ़ती मांग को देखते हुए मध्यम से लंबी अवधि में तांबे की डिमांड मजबूत बनी रह सकती है। ऐसे में आगे चलकर तांबे की कीमतों में फिर से तेजी देखने को मिल सकती है।
