सोना 200 रुपए चमका, चांदी में 975 रुपए की उछाल

punjabkesari.in Monday, Sep 16, 2019 - 03:41 PM (IST)

नई दिल्लीः सऊदी अरब के कच्चा तेल संयंत्रों पर ड्रोन हमलों के बाद विदेशों में पीली धातु की कीमतों में आई तेजी के कारण दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना सोमवार को 200 रुपए की मजबूती के साथ 38,570 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। चांदी भी 975 रुपए की छलांग लगाकर 47,425 रुपए प्रति किलोग्राम बिकी। 

लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर आज 14.05 डॉलर की बढ़त में 1,502.45 डॉलर प्रति औंस पर रहा। दिसंबर का अमेरिकी सोना वायदा भी 11.60 डॉलर की बढ़त में 1,511.10 डॉलर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि सऊदी अरब के कच्चा तेल संयंत्रों पर हमले के बाद अमेरिका और ईरान के बीच भूराजनीतिक तनाव बढ़ गया है।

अमेरिका आरोप लगा रहा है कि इस हमले के पीछे ईरान का हाथ हो सकता है। इस कारण निवेशक सुरक्षित निवेश मानी जाने वाली पीली धातु का रुख कर रहे हैं। इस हमले के बाद आज सुबह अंतररष्ट्रीय बाजार में लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा करीब 20 प्रतिशत की छलाँग लगाकर 71 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गया था, हालांकि बाद में यह 65 डॉलर के आसपास आ गया। अंतररष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर भी 0.40 डॉलर की बढ़त में 17.82 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

jyoti choudhary

Recommended News

Related News