Gold Discount: जंग के बीच सस्ता हुआ सोना, यहां भारी डिस्काउंट पर बिक रहा Gold

punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 12:54 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब वैश्विक सोना बाजार पर भी दिखाई देने लगा है। जंग के माहौल और उड़ानों में बाधा के कारण दुबई में सोना भारी डिस्काउंट पर बिक रहा है। सप्लाई चेन प्रभावित होने से कई ट्रेडर्स लंदन के ग्लोबल बेंचमार्क के मुकाबले करीब 30 डॉलर प्रति औंस तक की छूट देने को मजबूर हो गए हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, क्षेत्र में जारी संघर्ष के कारण कई उड़ानें रद्द या सीमित कर दी गई हैं। इससे सोना और चांदी को प्रमुख ट्रेडिंग हब से दूसरे देशों तक भेजने में दिक्कत आ रही है। महंगे शिपिंग और इंश्योरेंस खर्च के चलते कई खरीदार नए ऑर्डर देने से भी बच रहे हैं। इसके अलावा डिलीवरी को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, जिसके कारण ट्रेडर्स स्टॉक जल्दी निकालने के लिए डिस्काउंट दे रहे हैं।

दरअसल, United Arab Emirates और खासतौर पर दुबई एशिया के बड़े बुलियन ट्रेडिंग और रिफाइनिंग केंद्रों में से एक है। यहां से सोने की सप्लाई Switzerland, United Kingdom और कई अफ्रीकी देशों के साथ-साथ एशिया के बाजारों तक पहुंचती है लेकिन क्षेत्रीय तनाव और Iran की मिसाइल गतिविधियों के कारण एयरस्पेस पर पाबंदियां लगने से लॉजिस्टिक्स प्रभावित हुआ है।

कैसे ट्रांसपोर्ट होता है सोना?

सोना आमतौर पर पैसेंजर विमानों के कार्गो होल्ड में भेजा जाता है लेकिन उड़ानों में कमी आने से सप्लाई धीमी पड़ गई है। कुछ ट्रेडर्स वैकल्पिक रास्तों से कार्गो भेजने की कोशिश कर रहे हैं, जैसे सऊदी अरब और ओमान के एयरपोर्ट तक जमीन के रास्ते माल पहुंचाना, लेकिन इसमें जोखिम और लागत दोनों ज्यादा हैं।

भारत पर पड़ सकता है असर 

इसका असर भारत पर भी पड़ सकता है, क्योंकि भारत दुबई से सोने का बड़ा खरीदार है। ऑगमोंट एंटरप्राइजेज की रिसर्च हेड रेनिशा चैनानी के अनुसार कई कार्गो शिपमेंट में देरी हुई है, जिससे भारत में फिजिकल बुलियन की उपलब्धता पर अल्पकालिक असर पड़ सकता है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल भारत में सोने का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, इसलिए तुरंत बड़ी कमी की संभावना नहीं है।

इस बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में तेजी बनी हुई है। इस साल अब तक स्पॉट गोल्ड में करीब 20 फीसदी का उछाल आ चुका है और इसकी कीमत 5,000 डॉलर प्रति औंस के ऊपर पहुंच गई है। विश्लेषकों का मानना है कि अगर मिडिल ईस्ट का तनाव लंबा खिंचता है तो सोने की सप्लाई और कीमत दोनों पर असर और बढ़ सकता है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News