Gold Price in August: अगस्त में और सस्ता होगा सोना या आएगा उछाल? ये 3 फैक्टर तय करेंगे गोल्ड की चाल
punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 04:54 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः अगर आप गोल्ड खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो मौजूदा समय आपके लिए सही साबित हो सकता है। पिछले छह सप्ताह में पहली बार सोने की कीमतों में बड़ी वीकली गिरावट दर्ज की गई। कई निवेशकों और खरीदारों के बीच यह सवाल है कि सोना अगस्त में सस्ता होगा या कीमतों में उछाल आएगा। इस सप्ताह सिर्फ सोना ही नहीं, चांदी, प्लैटिनम और पैलेडियम जैसी अन्य कीमती धातुओं में भी गिरावट देखने को मिली है।
अगस्त में कैसी रह सकती है सोने की चाल?
विशेषज्ञों के अनुसार, यदि कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी रहती हैं और अमेरिका में महंगाई कम नहीं होती, तो अगस्त में भी सोने की कीमतों पर दबाव बना रह सकता है। दूसरी ओर, यदि अमेरिका-ईरान के बीच तनाव और बढ़ता है या वैश्विक अनिश्चितता गहराती है, तो सुरक्षित निवेश (Safe Haven) के रूप में सोने की मांग फिर बढ़ सकती है, जिससे कीमतों में तेजी लौटने की संभावना रहेगी।
इन तीन फैक्टर्स पर रहेगी नजर
अगस्त में सोने की दिशा मुख्य रूप से तीन अहम कारकों पर निर्भर करेगी—
- अमेरिका-ईरान के बीच भू-राजनीतिक तनाव
- कच्चे तेल की कीमतों का रुख
- अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर अगला फैसला
अंतरराष्ट्रीय बाजार में नरम पड़ा सोना
शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना करीब 3,970 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता रहा। हालांकि पूरे सप्ताह के दौरान इसकी कीमत में 3% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, अगस्त डिलीवरी वाले अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स में भी करीब 0.5% की कमजोरी देखने को मिली।
