बजट के बाद सोना 1300 रुपए हुआ महंगा, 35400 के पार पहुंची कीमत

punjabkesari.in Saturday, Jul 06, 2019 - 03:15 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः बजट में सरकार ने सोने पर आयात शुल्क बढ़ाने के बाद से सोने की कीमतों में आग लग गई। सरकार ने सोने और अन्य बहुमूल्य धातुओं पर आयात शुल्क 10 फीसदी से बढ़ाकर 12.5 फीसदी करने की घोषणा की। सरकार की इस घोषणा के बाद दिल्ली सर्राफा बाजार में शनिवार को सोने की कीमतों में रिकॉर्ड 1300 रुपए प्रति दस ग्राम का इजाफा हुआ। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में सोना अब तक से उच्चतम स्तर 35470 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया है। 

मोदी सरकार के 5 साल से ज्यादा के कार्यकाल में सोना पहली बार इतना महंगा हुआ है। इससे पहले शुक्रवार को सोना की कीमत 34170 रुपए प्रति दस ग्राम रही थी। सरकारी सूत्रों के मुताबिक सरकार सोने पर आयात शुल्क में धीरे-धीरे और भी बढ़ोत्तरी करेगी। जिससे सोने की कीमतें और भी बढेंगी।
PunjabKesari

 

चांदी एक सप्ताहा के उच्च स्तर पर
चांदी भी 280 रुपए की बढ़त में एक सप्ताह के उच्चतम स्तर 38,800 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। विदेशों में सप्ताहांत पर सोने में रही बड़ी गिरावट भी स्थानीय बाजार में पीली धातु को बढ़त में जाने से नहीं रोक सकी। लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सोना हाजिर 23.10 डॉलर लुढ़ककर 1,399.65 डॉलर प्रति औंस रह गया। अगस्त का अमेरिकी सोना वायदा 19.70 डॉलर की गिरावट के साथ बाजार बंद होते समय 1,401.20 डॉलर प्रति औंस पर रहा। 

PunjabKesari

बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमेरिका में रोजगार के मजबूत आंकड़े आने से सोने पर दबाव रहा। वहां जून में एक बार फिर बेरोजगारी में अच्छी गिरावट आई है। शुक्रवार को जारी इस आंकड़े से अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की संभावना कम हुई है और सोने पर दबाव बढ़ा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सप्ताहांत पर चांदी हाजिर भी 0.34 डॉलर लुढ़ककर 14.97 डॉलर प्रति औंस रह गई। 

PunjabKesari

सोने के आयात में गिरावट से चालू खाते के घाटे (कैड) पर अंकुश रखने में मदद मिलती है। वित्त वर्ष 2017-18 में बहुमूल्य धातुओं का कुल आयात 33.7 अरब डॉलर रहा था। 2016-17 में यह 27.5 अरब डॉलर और 2015-16 में 31.8 अरब डॉलर था। मात्रा के लिहाज से देखा जाए तो देश ने बीते वित्त वर्ष में 982 टन सोने का आयात किया। वित्त वर्ष 2017-18, 2016-17 और 2015-16 में सोने का आयात क्रमश: 955 टन, 778 टन और 968 टन रहा था। 

भारत दुनिया में सोने के सबसे बड़े आयातकों में से है। आयात से मुख्य रूप से घरेलू आभूषण उद्योग की जरूरत को पूरा किया जाता है। बीते वित्त वर्ष में रत्न एवं आभूषणों का निर्यात 5.32 प्रतिशत घटकर 30.96 अरब डॉलर रह गया। वित्त वर्ष 2018-19 में देश का चालू खाते का घाटा बढ़कर 57.2 अरब डॉलर या सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 2.1 प्रतिशत हो गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 1.8 प्रतिशत था। चालू खाते में विदेशी मुद्रा के बाह्य प्रवाह और अंत: प्रवाह का अंतर चालू खाते का घाटा कहलाता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

jyoti choudhary

Recommended News

Related News