Gold-Silver Price Crash: औंधे मुंह गिरा सोना-चांदी, लगातार पांचवें दिन टूटा Gold Price, दो हफ्ते के निचले स्तर पर भाव
punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 06:30 PM (IST)
नई दिल्लीः वैश्विक स्तर पर बिकवाली के बीच सोने की कीमतों में मंगलवार को लगातार पांचवें दिन गिरावट आई। राष्ट्रीय राजधानी में सोना 2,700 रुपए टूटकर 1.58 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 2,700 रुपए घटकर लगभग दो सप्ताह के निचले स्तर 1,58,200 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) रह गई, जबकि सोमवार को यह 1,60,900 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। यह कीमती धातु 19 अगस्त को भी इसी स्तर पर कारोबार कर रही थी, जब इसकी कीमत 1,58,000 रुपए प्रति 10 ग्राम थी। पिछले पांच सत्रों में, सोने में 8,900 रुपए या 5.3 प्रतिशत की गिरावट आई है।
25 अगस्त को इसकी कीमत 1,67,100 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई थी। चांदी की कीमत में भी 5,000 रुपए की गिरावट आई और यह 2,40,500 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) रह गई। सोमवार को यह 2,45,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही थी। सर्राफा पर दबाव इसलिए बना क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच नए तनाव से कच्चे तेल की कीमतें बढ़ गईं, जिससे महंगाई की चिंताएं बढ़ गईं और ब्याज दरों के परिदृश्य पर ध्यान केंद्रित हो गया।
आनंद राठी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर्स लिमिटेड की जिंस और मुद्रा शोध विश्लेषक वेदिका नार्वेकर ने कहा कि अमेरिका-ईरान के बीच हालिया तनाव और उसके कारण कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच घरेलू सोने की कीमतें दबाव में हैं। इससे महंगाई की चिंताएं भी बढ़ रही हैं, जिससे सोने के लिए परिदृश्य और भी महत्वपूर्ण हो गया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों से आग्रह किया है कि वे बहुत जरूरी न होने पर सोना न खरीदें। किर्गिस्तान से एक इंस्टाग्राम वीडियो में, मोदी ने स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर अधिक जोर देने का आह्वान किया और लोगों से विदेशी छुट्टियों, विदेश में शादियों और अनावश्यक सोना खरीदने से बचने को कहा। नार्वेकर ने कहा कि प्रधानमंत्री की टिप्पणियों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की कीमतों में कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना कम है लेकिन इससे घरेलू बाजार की धारणा और निकट भविष्य में आभूषणों की मांग पर असर पड़ सकता है।
विदेशी बाजारों में सर्राफा (सोना-चांदी) की कीमतों में भारी गिरावट देखी गई। हाजिर सोना 80.61 डॉलर (यानी दो प्रतिशत) गिरकर 4,368.58 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी की कीमत लगभग तीन प्रतिशत टूटकर 64.68 डॉलर प्रति औंस रह गई। मिराए एसेट शेयरखान में जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा, ''वैश्विक बाजारों में हाजिर सोना दो प्रतिशत टूटकर 4,370 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा है, क्योंकि पिछले सप्ताह जैक्सन होल संगोष्ठी में फेडरल रिजर्व के प्रमुख केविन वॉर्श के सख्त रुख वाले भाषण के बाद ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना बनी हुई है।''
