MCX Gold Rate: सोने-चांदी में तेजी, ₹1,50,000 के पार पहुंचा सोने का भाव, चांदी में भी आया उछाल
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 10:42 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः बुधवार (29 अप्रैल) को सोने-चांदी के वायदा भाव में तेजी देखने को मिल रही है। MCX पर खबर लिखे जाने के समय सोने के वायदा भाव 1,50,225 रुपए, जबकि चांदी के भाव 2,43,900 रुपए के आसपास कारोबार कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना चांदी तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं।
दिल्ली में मंगलवार को सोने-चांदी की कीमत
राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने की कीमत 1,800 रुपए टूटकर 1.54 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम रही, जबकि चांदी 6,500 रुपए लुढ़ककर 2.44 लाख रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। कच्चे तेल की कीमत में आई तेजी और मजबूत डॉलर के कारण वैश्विक सर्राफा बाजार पर असर पड़ा है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,800 रुपए यानी 1.15 प्रतिशत टूटकर 1,54,300 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर रहा।
चांदी की कीमत भी 6,500 रुपए यानी लगभग तीन प्रतिशत टूटकर 2,44,000 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गईं। एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ''मंगलवार को सोना तीन सप्ताह के निचले स्तर पर आ गया, क्योंकि बढ़ती ऊर्जा कीमतों ने मुद्रास्फीति की चिंताओं को बढ़ा दिया और लंबे समय तक उच्च ब्याज दरों की आशंका को मजबूत किया।''
