Gold/Silver hit 3 month high: सोने ने पकड़ी रफ्तार, चांदी में तूफानी तेजी, कीमतें तीन माह से अधिक के हाई लेवल पर
punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 10:47 AM (IST)
नई दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी में सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही और दोनों धातुओं के भाव तीन महीने से अधिक के उच्च स्तर पर पहुंच गए। कमजोर अमेरिकी डॉलर और वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख से कीमती धातुओं में निवेश बढ़ा। स्थानीय सर्राफा कारोबारियों के मुताबिक, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,200 रुपए बढ़कर 1,63,500 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी करों समेत) हो गया। पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 1,62,300 रुपए प्रति 10 ग्राम था। यह कीमती धातु पिछली बार 19 मई को इन स्तरों के आसपास थी, जब इसकी कीमत 1,63,600 रुपए प्रति 10 ग्राम थी।
चांदी में भी तेजी का रुख दिखा और इसकी कीमत 5,000 रुपए बढ़कर 2,50,000 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) हो गई। यह चांदी का 15 हफ्तों का उच्चतम स्तर है। बृहस्पतिवार को चांदी 10,000 रुपए के उछाल के साथ 2,45,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। इस तरह दो सत्र में ही चांदी के भाव में 15,000 रुपए की बढ़ोतरी हो गई है। चांदी पिछली बार चार मई को इन स्तरों के आसपास देखी गई थी, जब इसकी कीमत 2,49,500 रुपए प्रति किलोग्राम थी।
लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध प्रमुख गौरव गर्ग ने कहा, ''शुक्रवार को सोने की कीमतों में तेजी जारी रही और यह लगातार तीसरे हफ़्ते बढ़त की ओर बढ़ रहा है। कमजोर अमेरिकी डॉलर और लंबी अवधि के अमेरिकी बांड प्रतिफल में गिरावट के कारण चांदी भी मजबूत बनी हुई है।'' अंतरराष्ट्रीय बाजार में शुक्रवार को सोने की हाजिर कीमतों में तेजी जारी रही और यह 81.58 डॉलर यानी दो प्रतिशत बढ़कर 4,600.91 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी लगभग तीन प्रतिशत बढ़कर 69.87 डॉलर प्रति औंस हो गई।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ जिंस विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, ''सोने की हाजिर कीमत बढ़कर लगभग 4,600 डॉलर प्रति औंस हो गई, जो 18 मई के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। यह लगातार तीसरे हफ्ते बढ़त की राह पर बना हुआ है।'' उन्होंने कहा कि निवेश की मजबूत मांग और मुद्रा एवं बॉन्ड बाजार में ज्यादा उतार-चढ़ाव ने इस कीमती धातु को सहारा देना जारी रखा।
