100 Rupee: कहीं आपकी जेब में 100 रुपये का नकली नोट तो नहीं? RBI ने बताए असली नोट पहचानने के 7 तरीके

punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 06:19 AM (IST)

नई दिल्ली: बाजार में खरीदारी के दौरान अक्सर हमें खुल्ले पैसे मिलते हैं, जिनमें कई बार ऐसे नोट भी आ जाते हैं जिन्हें देखकर मन में संदेह पैदा होता है कि ये असली हैं या नकली। कई बार नकली नोट इतनी सफाई से बनाए जाते हैं कि वे बिल्कुल असली जैसे लगते हैं, जिससे आम जनता के लिए इन्हें पहचानना मुश्किल हो जाता है। इसी समस्या को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर 100 रुपये के असली नोट की पहचान करने के लिए 7 महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए हैं।

इन तरीकों को अपनाकर आप ठगी और धोखाधड़ी का शिकार होने से बच सकते हैं:

  • सी-थ्रू रजिस्टर: नोट के नीचे बाईं (लेफ्ट) साइड पर '100' अंक वाला एक आर-पार दिखाई देने वाला सुरक्षा चिन्ह (सी-थ्रू रजिस्टर) होता है। इसे रोशनी के सामने रखने पर यह साफ दिखाई देता है।
  • देवनागरी लिपि: असली नोट पर '100' का मूल्य देवनागरी लिपि में भी लिखा होता है।
  • महात्मा गांधी का चित्र: नोट के सामने वाले हिस्से के बिल्कुल बीच में महात्मा गांधी की तस्वीर अंकित होती है।
  • आरबीआई गवर्नर के हस्ताक्षर: नोट के दाईं (राइट) साइड पर गारंटी क्लॉज, आरबीआई गवर्नर के हस्ताक्षर और भारतीय रिजर्व बैंक का प्रतीक चिन्ह होता है।
  • बढ़ते आकार के अंक (नीचे दाईं ओर): नोट के नीचे दाईं तरफ एक नंबर पैनल होता है, जिसमें अंक छोटे से बड़े आकार में लिखे होते हैं।
  • नंबर पैनल (ऊपर बाईं ओर): इसी तरह नोट के ऊपर बाईं तरफ भी नंबर पैनल दिया गया है, जिसमें अंक छोटे से बड़े आकार में दिखाई देते हैं।
  • अशोक स्तंभ: नोट के नीचे दाईं तरफ अशोक स्तंभ का प्रतीक चिन्ह बना होता है।

RBI का कहना है कि इन 7 सुरक्षा मानकों की जांच करके आप असली और नकली नोट के बीच का अंतर आसानी से समझ सकते हैं। बैंकिंग और करेंसी से जुड़ी अधिक विस्तृत जानकारी के लिए नागरिक आरबीआई की वेबसाइट के 'बैंक नोट' सेक्शन पर भी जा सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News