पंजाब पहुंची CNG, जालंधर में सप्लाई शुरू

punjabkesari.in Thursday, Jan 04, 2018 - 12:33 PM (IST)

जालंधरः पंजाब सी.एन.जी. सप्लाई करने वाला देश का नया राज्य बन गया है। सरकार के लाइसेंस की मंजूरी के बाद जय मधोक एनर्जी ने जालंधर में सी.एन.जी. पंप शुरू किया है। कंपनी की मार्च तक लुधियाना में भी सी.एन.जी. पंप लगाने की योजना है। पंजाब जालंधर में सी.एन.जी. की सप्लाई शुरू करने के साथ दिल्ली, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे राज्यों की श्रेणी में आ गया है। इन राज्यों में पर्यावरण अनुकूल ईधन काम्प्रेस्ड प्राकृतिक गैस (सी.एन.जी.) की सप्लाई की जा रही है। सी.एन.जी. को डीजल के मुकाबले सस्ता माना जाता है।

जय मधोक एनर्जी प्राइवेट के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने जालंधर में सी.एन.जी. खुदरा पंप शुरू किया है तथा दो और मार्च तक शुरू करने की योजना है। साथ ही तीन सी.एन.जी. स्टेशन लुधियाना में भी उसी समय तक शुरू किए जाएंगे।’’ कंपनी के अनुसार वर्ष के अंत तक उसके सी.एन.जी. पंपों की संख्या 24 पार कर जाएगी। सरकार की प्रदूषण पर अंकुश तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के इरादे से 300 शहरों में गैस वितरण शुरू करने की योजना है। यह 2020 तक कुल ऊर्जा में गैस का योगदान 20 प्रतिशत करने की योजना का हिस्सा है जो फिलहाल 6.5 प्रतिशत है।

पेट्रोलियम मंत्रालय के पेट्रोलियम नियोजन तथा विश्लेषण प्रकोष्ठ के अनुसार देश में 1,282 सी.एन.जी. स्टेशन हैं। इसमें से 424 दिल्ली में तथा 405 गुजरात एवं 253 मुंबई में हैं। जय मधोक एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड ने 2013 में जालंधर में सी.एन.जी. और घरों में पाइप के जरिए खाना पकाने की गैस उपलब्ध कराने का लाइसेंस जीता था। कंपनी को 2015 में लुधियाना के लिये गैस वितरण अधिकार मिला। हालांकि कंपनी कानूनी बाधाओं के कारण चार साल तक काम नहीं शुरू कर पाई।    


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News