Bitcoin में बड़ी गिरावट का खतरा, 38,000 डॉलर तक फिसलने की चेतावनी
punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 06:09 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः बिटकॉइन में गिरावट का दौर गहराता जा रहा है और अब एक्सपर्ट्स आगे और बड़ी कमजोरी की आशंका जता रहे हैं। शुक्रवार को बिटकॉइन की कीमत गिरकर करीब 69,000 डॉलर के आसपास पहुंच गई। अमेरिकी फाइनेंशियल सर्विस कंपनी स्टिफेल के एनालिस्ट्स का मानना है कि मौजूदा दबाव जारी रहा तो इसकी कीमत 38,000 डॉलर तक भी फिसल सकती है।
स्टिफेल के बैरी बी. बैनिस्टर के नेतृत्व वाली टीम ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि बिटकॉइन अपने हालिया ऊपरी स्तर से करीब 41% टूट चुका है। पिछले क्रैश के ट्रेंड को देखते हुए अगला मजबूत सपोर्ट करीब 38,000 डॉलर के आसपास बन सकता है। एनालिस्ट्स ने याद दिलाया कि 2011, 2015, 2018 और 2022 में बिटकॉइन में 93%, 84%, 83%, 76% से तक की बड़ी गिरावट देखी जा चुकी है।
अक्टूबर में 1.26 लाख डॉलर के ऊपर पहुंचने के बाद बिटकॉइन लगातार दबाव में है और गुरुवार को 69,333 डॉलर तक गिर गया, जो नवंबर 2024 के बाद का सबसे निचला स्तर माना जा रहा है। स्टिफेल की टीम ने बिटकॉइन के बदले व्यवहार को समझाने के लिए फिल्म The Curious Case of Benjamin Button का उदाहरण दिया और बताया कि अब इसकी चाल पहले जैसी नहीं रही।
पहले बिटकॉइन डॉलर के कमजोर होने पर मजबूत होता था लेकिन 2025 के बाद से यह डॉलर की दिशा के साथ चलने लगा है। साथ ही अब इसका संबंध Nasdaq 100 और ग्रोथ स्टॉक्स से ज्यादा जुड़ गया है। फेडरल रिजर्व के नरम रुख पर यह चढ़ता है, जबकि सख्त संकेत मिलते ही गिरावट बढ़ जाती है।
एनालिस्ट्स का कहना है कि टेक कंपनियों पर बढ़ती उधारी लागत और शेयर बाजार में दबाव आगे भी बिटकॉइन की कीमतों पर नकारात्मक असर डाल सकते हैं। ऐसे में निवेशकों को फिलहाल सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
