बेंगलुरु: Foxconn iPhone फैक्ट्री में रिकॉर्ड भर्ती, 9 महीने में दी 30,000 नौकरियां, 80% वर्कफोर्स महिलाएं
punjabkesari.in Monday, Dec 22, 2025 - 12:03 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः बेंगलुरु के देवनहैली में फॉक्सकॉन की नई iPhone असेंबली फैक्ट्री ने बेहद कम समय में रिकॉर्ड स्तर पर भर्ती की है। महज नौ महीनों में कंपनी ने करीब 30,000 कर्मचारियों को काम पर रखा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह भारत के किसी भी मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में अब तक की सबसे तेज़ हायरिंग मानी जा रही है।
महिलाओं की भागीदारी सबसे ज्यादा
इस फैक्ट्री की सबसे बड़ी खासियत इसकी वर्कफोर्स संरचना है। कुल कर्मचारियों में लगभग 80% महिलाएं हैं, जिनकी उम्र ज्यादातर 19 से 24 साल के बीच है। इनमें से बड़ी संख्या पहली बार किसी औपचारिक नौकरी से जुड़ी है। करीब 300 एकड़ में फैली यह फैक्ट्री देश में एक ही लोकेशन पर महिलाओं को सबसे ज्यादा रोजगार देने वाली यूनिट बनने की ओर बढ़ रही है। कई कर्मचारी पड़ोसी राज्यों से रोजगार की तलाश में कर्नाटक पहुंचे हैं।
यह भी पढ़ें: Gold ने तोड़ा 46 साल का रिकॉर्ड, 1979 के बाद सबसे तेज उछाल, कीमतों में तेजी का ये है कारण
iPhone 16 से iPhone 17 Pro Max तक उत्पादन
फैक्ट्री में अप्रैल–मई में ट्रायल प्रोडक्शन शुरू हुआ था, जिसमें iPhone 16 की असेंबली की गई। अब यहां iPhone 17 Pro Max का उत्पादन भी शुरू हो चुका है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस यूनिट में बने चार में से तीन iPhone एक्सपोर्ट किए जा रहे हैं।
50,000 कर्मचारियों तक पहुंचेगा प्लांट
फॉक्सकॉन का अनुमान है कि अगले साल फैक्ट्री पूरी क्षमता पर पहुंचने के बाद यहां करीब 50,000 लोग काम करेंगे। महिला कर्मचारियों के लिए बड़े हॉस्टल पहले से तैयार हैं और अतिरिक्त आवासीय इमारतों का निर्माण तेजी से जारी है।
मिनी टाउनशिप के रूप में होगा विकास
भविष्य में इस फैक्ट्री परिसर को एक मिनी टाउनशिप के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें आवास, हेल्थकेयर, स्कूल और मनोरंजन सुविधाएं शामिल होंगी। कर्मचारियों को मुफ्त रहने की सुविधा और सस्ती भोजन व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है।
सैलरी और निवेश
महिला कर्मचारियों की औसत मासिक सैलरी लगभग ₹18,000 है, जिसे ब्लू-कॉलर सेक्टर में बेहतर माना जाता है। फॉक्सकॉन इस प्रोजेक्ट में करीब ₹20,000 करोड़ का निवेश कर रही है।
यह भी पढ़ें: Budget Day Suspense: बजट डे को लेकर सस्पेंस, 1 फरवरी को पेश होगा या बदलेगा दिन?
भारत के लिए रणनीतिक महत्व
यह यूनिट उत्पादन और रोजगार दोनों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी iPhone मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी बनने जा रही है। पूरी तरह शुरू होने पर यह तमिलनाडु की फॉक्सकॉन फैक्ट्री (करीब 41,000 कर्मचारी) से भी बड़ी होगी। यहां कुल 12 असेंबली लाइनें होंगी, जबकि फिलहाल चार लाइनें चालू हैं।
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, यह परियोजना भारत की मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं के लिए एक बड़ा मील का पत्थर है। भारत अब एप्पल के ग्लोबल सप्लाई चेन का अहम हिस्सा बन चुका है और सभी iPhone मॉडल भारत में असेंबल कर दुनियाभर में भेजे जा रहे हैं।
स्थानीय सप्लायर और ट्रेनिंग
फॉक्सकॉन के साथ करीब 45 स्थानीय सप्लायर जुड़े हुए हैं, जो पार्ट्स और सब-असेंबली की आपूर्ति करते हैं। नई भर्तियों को उत्पादन लाइन में काम शुरू करने से पहले करीब छह हफ्ते का विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है।
