सोना 105 रुपए मजबूत, चांदी 140 रुपए चमकी
punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2015 - 04:19 PM (IST)
नई दिल्लीः विदेशी बाजार में कीमती धातुओं में आई तेजी और डॉलर के मजबूत होने से दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोना स्टैंडर्ड 105 रुपए की बढ़त के साथ पांच जून के बाद के उच्चतम स्तर 27180 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया और चांदी 140 रुपए चमककर 37050 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गयी।
सिंगापुर से मिली जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर 0.34 प्रतिशत बढ़कर 1184.28 डॉलर प्रति औंस बोला गया जबकि अमरीकी सोना वायदा 0.4 प्रतिशत चढ़कर 1183.28 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।
बाजार विश्लेषकों के मुताबिक कल फेडरल रिजर्व की दो दिवसीय बैठक शुरु होगी जिसमें ब्याज दर में बढ़ोतरी पर चर्चा की जाएगी। अगर इसमें बढ़ोतरी हुई तो डॉलर में तेजी आएगी और सोने के दाम में कमी आएगी। वहीं हाल ही में अमरीका में जारी आर्थिक आंकड़ों के मजबूत रहने से ब्याज दरों में बढ़ौतरी की संभावना बढ़ी है। हाल के सप्ताह में डॉलर में मजबूती आने से सोने पर दबाव देखा गया है। इस दौरान चाँदी हाजिर 0.25 प्रतिशत चढ़कर 15.96 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
