GST कर संग्रह एक लाख करोड़ रुपए के पार होना महत्वपूर्ण उपलब्धि: जेतली

punjabkesari.in Tuesday, May 01, 2018 - 05:03 PM (IST)

नई दिल्लीः केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेतली ने अप्रैल महीने में माल एवं सेवा कर (जी.एस.टी.) के जरिए राजस्व संग्रह एक लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच जाने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और कहा कि इससे आर्थिक गतिविधियों के बढऩे की पुष्टि होती है। सरकार को इस साल अप्रैल महीने में जी.एस.टी. के जरिए 1.03 लाख करोड़ रुपए मिले हैं। इस स्तर पर राजस्व संग्रह के पहुंचने से नई प्रणाली के स्थिर होने का संकेत मिलता है। जी.एस.टी. को पिछले साल एक जुलाई से लागू किया गया। 

वित्त वर्ष 2017-18 में जी.एस.टी. से कुल मिलाकर 7.41 लाख करोड़ रुपए का राजस्व संग्रह हुआ। मार्च में जी.एस.टी. संग्रह का आंकड़ा 89,264 करोड़ रुपए रहा। जेतली ने ट्वीट किया, ‘‘अप्रैल में जी.एस.टी. संग्रह एक लाख करोड़ रुपए से अधिक होना महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इससे आर्थिक गतिविधियां बढऩे की पुष्टि होती है जिसके बारे में अन्य रिपोर्टों में कहा जा रहा है।’’ उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा कि बेहतर आर्थिक माहौल, ई-वे बिल और बेहतर जी.एस.टी. अनुपालन से अप्रत्यक्ष कर संग्रह में सकारात्मक चलन आगे भी जारी रहेगा।

वित्त मंत्रालय ने इससे पहले दिन में जारी बयान में कहा, ‘‘कुल सकल जी.एस.टी. राजस्व संग्रह अप्रैल 2018 में 1,03,458 करोड़ रुपए रहा। इसमें सीजीएसटी 18,652 करोड़ रुपए, एसजीएसटी 25,074 करोड़ रुपए, आईजीएसटी 50,548 करोड़ रुपए (इसमें 21,246 करोड़ रुपए आयात से प्राप्त राजस्व शामिल) हैं। इसमें उपकर 8,554 करोड़ रुपए है जिसमें आयात से प्राप्त 702 करोड़ रुपए शामिल हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

jyoti choudhary

Recommended News

Related News