सेब खाना हो सकता है महंगा, बर्फबारी से किसानों को हुआ 500 करोड़ रुपए का नुकसान

punjabkesari.in Monday, Nov 12, 2018 - 02:59 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः दिवाली पर भारी बर्फबारी कश्मीर के किसानों के लिए मुसीबत बनकर आई है। समय से पहले हुई बर्फबारी से सेब की फसल खराब हुई है। इससे वहां के किसानों का काफी नुकसान हो गया है। एक रिपोर्ट के अुनसार, 24 घंटे लगातार बर्फबारी के चलते सेब किसानों को तकरीबन 500 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। सेब की फसलों के अलावा सेब के बागान भी बर्बाद हुए हैं।

बर्फबारी इतनी ज्यादा हुई कि कश्मीर से बाहर आने-जाने का रास्ता भी बंद हो गया। इससे सेब को बाहर भेजना भी मुश्किल हो गया है। भारी बर्फबारी से नुकसान सिर्फ किसानों का ही नहीं हुआ है, बल्कि अब इसका असर ग्राहकों पर भी पड़ेगा। फसलों को हुए भारी नुकसान की वजह से आने वाले दिनों में सेब के दाम बढ़ सकते हैं। 

मुसीबत बनी बर्फबारी
कई वर्षों के बाद कश्मीर में नवंबर के पहले हफ्ते के दौरान बर्फबारी देखने को मिल रही है। जहां राज्य की टूरिज्म इंडस्ट्री इस बर्फबारी से कारोबार को अच्छे फायदे का अनुमान लगा रहा है, वहीं सेब के बागानों के लिए यह बर्फबारी मुसीबत पैदा कर रही है।

बर्फबारी से सेब किसानों को नुकसान के अलावा राज्य के कई हिस्सों में बिजली सप्लाई पूरी तरह बाधित हो गई है। इस बर्फबारी से 43,000 किलोवॉट पावर लाइन को भी नुकसान पहुंचा, जिससे श्रीनगर समेत आसपास के इलाकों में पूरा अंधेरा छा गया। हालांकि, श्रीनगर में अब 80 फीसदी पावर सप्लाई को चालू कर दिया गया है, लेकिन आसपास के इलाके अभी भी अंधकार में डूबे हुए हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

jyoti choudhary

Recommended News

Related News