AI बूम से मालामाल: दुनिया का दूसरा सबसे अमीर बना यह शख्स, 95% संपत्ति देंगे दान

punjabkesari.in Thursday, Sep 25, 2025 - 11:24 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः अमेरिका की दिग्गज टेक कंपनी ओरेकल के फाउंडर लैरी एलिसन दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार उनकी नेटवर्थ 368 अरब डॉलर है। इस साल एआई बूम की वजह से ओरेकल के शेयरों में जबरदस्त उछाल आया, जिससे एलिसन की संपत्ति में 176 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई। अमीरी की दौड़ में वे सिर्फ टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ($458 अरब) से पीछे हैं।

लेकिन बहुत कम लोगों को यह बात पता है कि लैरी एलिसन अपनी कुल संपत्ति का 95 प्रतिशत हिस्सा दान में देने का प्लान बना चुके हैं। हालांकि, उन्होंने साफ कहा है कि यह दान उनके अपने नियम और शर्तों पर होगा।

भारत के 8 सबसे बड़े अरबपतियों के बराबर दौलत

एलिसन की संपत्ति भारत के शीर्ष 8 रईसों की संयुक्त नेटवर्थ के बराबर है। इसमें मुकेश अंबानी ($97.5 अरब), गौतम अडानी ($89.1 अरब), सावित्री जिंदल ($34.4 अरब), शिव नाडर ($34.3 अरब), शापूरजी मिस्त्री ($32.5 अरब), सुनील मित्तल ($27.8 अरब), लक्ष्मी मित्तल ($27.1 अरब) और अजीम प्रेमजी ($26 अरब) शामिल हैं। इनकी कुल नेटवर्थ भी करीब 368 अरब डॉलर बैठती है।

गिविंग प्लेज और परोपकार

80 वर्षीय एलिसन ने 2010 में गिविंग प्लेज पर हस्ताक्षर करते हुए अपनी 95% संपत्ति दान करने का वादा किया था। हालांकि वे परंपरागत गैर-लाभकारी संस्थाओं से दूरी बनाकर, अपनी शर्तों पर संपत्ति दान करना पसंद करते हैं। उनकी परोपकारी गतिविधियाँ मुख्य रूप से एलिसन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (EIT) के माध्यम से होती हैं, जो स्वास्थ्य सेवा, खाद्य सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और एआई अनुसंधान पर काम करता है। ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी में EIT का नया कैंपस 2027 तक 1.3 अरब डॉलर की लागत से खुलने वाला है।

अब तक के बड़े दान

  • कैंसर अनुसंधान केंद्र बनाने के लिए दक्षिणी कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय को 200 मिलियन डॉलर
  • एलिसन मेडिकल फाउंडेशन को लगभग 1 अरब डॉलर (जो अब बंद हो चुकी है)

चुनौतियों का सामना

EIT में नेतृत्व को लेकर हाल ही में दिक्कतें आईं। 2024 में एलिसन ने वैज्ञानिक जॉन बेल को रिसर्च प्रमुख बनाया, लेकिन अगस्त 2025 में बेल ने परियोजना को "बहुत चुनौतीपूर्ण" बताते हुए इस्तीफा दे दिया। इसके बाद मिशिगन यूनिवर्सिटी के पूर्व अध्यक्ष सांता ओनो को सहयोगी भूमिका में जोड़ा गया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News