पेट्रोल के बाद अब डीजल ने किया 100 का आंकड़ा पार, जानें अपने शहर के रेट्स

punjabkesari.in Saturday, Jun 12, 2021 - 11:01 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम में शनिवार को लगातार दूसरे दिन बढ़ोतरी की। पिछले कुछ दिनों से जहां पेट्रोल की कीमतें 100 रुपए से ज्यादा हो गई है, वहीं आज डीजल ने भी शतक का आंकड़ा छू लिया है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में आज डीजल के बढ़ते दाम ने 100 रुपए का आंकड़ा पार कर लिया। यहां डीजल 100.05 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है और पेट्रोल 107.22 रुपए लीटर पर जा पहुंचा है।

देश के चार बड़े महानगरों में आज पेट्रोल 27 पैसे तक और डीजल 24 पैसे तक महंगा हुआ। दिल्ली और कोलकाता में पेट्रोल पहली बार 96 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गया। अग्रणी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल 96.12 रुपए और डीजल 86.98 रुपए प्रति लीटर हो गया। गत 04 मई से अब तक 23 दिन पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं जबकि शेष 17 दिन कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस दौरान दिल्ली में पेट्रोल 5.72 रुपए तथा डीजल 6.25 रुपए महंगा हो चुका है। 

मुंबई में पेट्रोल में 26 पैसे और डीजल में 24 पैसे की बढ़ोतरी की गई। इसके साथ ही पेट्रोल की कीमत 102.30 रुपए और डीजल की कीमत 94.39 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गई। चेन्नई में पेट्रोल 24 पैसे महंगा होकर 97.43 रुपए और डीजल 22 पैसे महंगा होकर 91.64 रुपए प्रति लीटर के भाव बिका। 

कोलकाता में पेट्रोल का दाम 26 पैसे और डीजल का 23 पैसे बढ़ा। वहां एक लीटर पेट्रोल 96.06 रुपए और डीजल 89.83 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया। पेट्रोल-डीजल के मूल्यों की रोजाना समीक्षा होती है और उसके आधार पर हर दिन सुबह छह बजे से नई कीमतें लागू की जाती हैं। 

पेट्रोल और डीजल के दाम

शहर पेट्रोल डीजल
दिल्ली 96.12 86.98
मुंबई 102.30 94.39
चेन्नई 97.43 91.64
कोलकाता 96.06 89.83
श्रीगंगानगर 107.22 100.05
जालंधर 97.25 88.99
चंडीगढ़ 92.45 86.63
जयपुर 102.73 95.92

(कीमत रुपए प्रति लीटर में)

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News