विश्व के लिए चुनौती बनता मानसिक अवसाद

punjabkesari.in Saturday, Mar 30, 2024 - 05:26 AM (IST)

विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार स्वास्थ्य का अर्थ केवल बीमारी न होना और शारीरिक सेहत से नहीं होता बल्कि स्वास्थ्य सामाजिक, मानसिक और शारीरिक तीनों से जुड़ा है। इन तीनों में जहां भी व्यक्ति कमजोर है वहां वह अस्वस्थ माना जाता है, उसे सेहतमंद नहीं कह सकते। अच्छी सेहत वाला व्यक्ति वह है जो इन सभी मानकों पर खुश है और हर स्तर पर अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रहा है। जो जीवन में सामान्य तनावों का सामना करने में सक्षम है। उत्पादक तरीके से काम करता है। अपने समुदाय में योगदान देने में तैयार है। दरअसल मानसिक स्वास्थ्य का संबंध इंसान के भावनात्मक पहलू से है जो उसके सोचने, समझने, कार्य करने की शक्ति को प्रभावित करता है। 

यूं तो मानसिक विकार कई तरह के होते हैं। मसलन डिमेंशिया, तनाव, चिंता, भूलना, अवसाद, डिस्लेसिया आदि। लेकिन इन सभी में अवसाद ऐसा मनोविकार है जिससे पूरी दुनिया त्रस्त है। हर आयु, वर्ग का व्यक्ति आज मानसिक अवसाद के दौर से गुजर रहा है। इस अवसाद के तमाम कारण सामने आ रहे हैं। 

डब्ल्यूू.एच.ओ. के अनुसार पिछले एक दशक में तनाव और अवसाद के मामले में 18 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। भारत की करीब 6.5 प्रतिशत से 7.5 प्रतिशत आबादी मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही है। भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने भी मैंटल हैल्थ के मुद्दे के प्रति न्यायपालिका को संवेदनशील होने पर जोर देते हुए कहा कि किसी व्यक्ति के मानसिक स्वास्थ्य को वनसाइज फिट फॉर ऑल के दृष्टिकोण से नहीं देखा जाना चाहिए। अच्छी मैंटल हैल्थ हर व्यक्ति का मानवाधिकार है, जिससे उसे वंचित नहीं किया जा सकता। गौरतलब है कि मैंटल स्ट्रैस अनुवांशिक, सामाजिक, आर्थिक, पारिवारिक हर तरह की हो सकती है। इस अवस्था से किसी इंसान को बाहर निकालना आज के समय में सबसे बड़ी चुनौती है। जिससे डॉक्टर और एक्सपर्ट्स भी परेशान हैं। 

देखा गया है कि कई बार प्रारंभिक जीवन के बुरे अनुभव, हादसे और घटनाएं मन को इतना प्रभावित करती हैं कि उनके असर से इंसान मानसिक तौर पर बीमार हो जाता है। ये मनोविकार और नकारात्मकता उसके मन और सेहत दोनों को खराब करती जाती है। मानसिक अवसाद का बड़ा कारण बेरोजगारी और गरीबी भी है। 2011 की जनगणना के अनुसार देखें तो आंकड़े बताते हैं कि मानसिक रोगों से ग्रस्त करीब 78.62 प्रतिशत लोग बेरोजगारी से जूझ रहे हैं। आज युवाओं में बढ़ते आत्महत्या के मामले भी इसकी पुष्टि करते हैं। कि बेरोजगारी से परेशान युवा इस कदर मानसिक नकारात्मकता के दौर से गुजर रहे हैं कि वो सुसाइड जैसा गंभीर कदम उठाने को मजबूर हैं। ये आंकड़े इशारा करते हैं कि युवाओं में तेजी से मानसिक अवसाद फैल रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार जब किसी देश की आॢथक हालत गंभीर होती है तो वहां मानसिक अवसाद भी बढ़ जाता है। 

डब्ल्यू.एच.ओ. ने 2013 में मानसिक स्वास्थ्य को शारीरिक स्वास्थ्य के बराबर महत्व देते हुए वल्र्ड हैल्थ एसैंबली में एक व्यापक मानसिक स्वास्थ्य कार्ययोजना को मंजूरी दी थी। जो 2013-2020 तक के लिए थी। इस कार्ययोजना में सभी देशों ने मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की कसम खाई थी। भारत ने भी इस कार्य योजना को अपने यहां लागू किया था। लेकिन आज भी भारत में मैंटल हैल्थ के हालात भयावह हैं। इसके पीछे तमाम कारण हैं। इसमें बड़ा कारण मैंटल हैल्थ पर खर्च होने वाला बजट है। आज भी भारत में मानसिक स्वास्थ्य पर किया जाने वाला व्यय बहुत कम है। भारत अपने कुल सरकारी स्वास्थ्य व्यय का मात्र 1.3 प्रतिशत ही मैंटल हैल्थ पर खर्च करता है। 2011 की जनगणना के अनुसार 1.5 मिलियन लोग बौद्धिक अक्षमता और तकरीबन 722826 लोग मनो-सामाजिक दिव्यांगता का शिकार हुए थे। यह संख्या पिछले 10 सालों में करीब दोगुनी हो गई है। लेकिन उस पर खर्च होने वाला बजट आज भी कम है। विशेषज्ञ मानते हैं कि भारत में मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों की कमी भी एक महत्वपूर्ण कारण है। 

डब्ल्यू.एच.ओ. के अनुसार साल 2011 में भारत में मानसिक अस्वस्थता से पीड़ित प्रत्येक एक लाख रोगियों के लिए 0.301 मनोचिकित्सक और 0.07 मनोवैज्ञानिक थे। यह हालत पिछले दस सालों में बहुत बेहतर नहीं हुई है। आंकड़े बताते हैं कि साल 2017 में भारत की विशाल जनसंख्या के लिए मात्र 5 हजार मनोचिकित्सक और 2000 से भी कम मनोवैज्ञानिक थे। पिछले दिनों डब्ल्यूू.एच.ओ. ने आगाह किया कि 2024 तक भारत की 20 प्रतिशत से भी अधिक आबादी मानसिक रोगों से पीड़ित होगी। आश्चर्यजनक बात यह है कि मानसिक रोगियों की इतनी बड़ी संख्या के बाद भी भारत में इसे एक रोग के रूप में पहचान नहीं मिल पाई है। यही इसके निदान में चुनौती है। आज भी मानसिक स्वास्थ्य की पूरी तरह उपेक्षा की जाती है। इसे काल्पनिक माना जाता है। 

मानसिक विकारों के प्रति भारत में जागरूकता की बहुत कमी है। जागरूकता के इसी अभाव और अज्ञानता के कारण लोगों द्वारा किसी भी प्रकार के मानसिक स्वास्थ्य विकार से पीड़ित व्यक्ति को मंदबुद्धि मान लिया जाता है। भारत में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी विकारों से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियां भी एक बड़ी चुनौती है। भारत में यदि कोई व्यक्ति एक बार किसी मानसिक रोग से ग्रसित हो जाता है तो जीवनभर उसे समाज में बड़े मुश्किल माहौल, हालातों में जीना पड़ता है।-सीमा अग्रवाल
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News