भाजपा के हिंदुत्व कार्ड को चुनौती दे रही कांग्रेस की आध्यात्मिक नेता

punjabkesari.in Saturday, Jun 03, 2023 - 05:35 AM (IST)

मध्यप्रदेश चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी की राह पर आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। पार्टी भाजपा के ङ्क्षहदुत्व के फार्मूले को अपनाते हुए राज्य की 230 विधानसभा सीटों पर सुुंदरकांड और भगवद् गीता का पाठ करवाने जा रही है। यह साल 2023 के अंत में होने वाले मध्यप्रदेश विधानसभा चुनावों को जीतने के लिए पार्टी के अभियान की शुरूआत है जहां कथावाचक ऋचा गोस्वामी कांग्रेस के सबसे शक्तिशाली हथियारों में से एक है। 

कांग्रेस की धर्म एवं उत्सव प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष 32 वर्षीय ऋचा गोस्वामी का कहना है कि, ‘‘मेरा काम लोगों से वोट मांगना नहीं बल्कि रासलीला और भागवत कथा को राज्य के हर क्षेत्र में पहुंचाना है।’’ ऋचा ने बताया कि 230 विधानसभाओं में 108 सुंदरकांड के पाठ करवाए जाएंगे। इसके साथ ही बड़े स्थानों पर श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन होगा। 

हाल ही में जब कमलनाथ ने नारी सम्मान योजना के हिस्से के रूप में महिलाओं को 1500 रुपए की मासिक सहायता के साथ-साथ एल.पी.जी. सिलैंडर देने का वायदा किया था तो ऋचा गोस्वामी ने रामायण के सुंदरकांड के पाठ के साथ इस कार्यक्रम की शुरूआत की थी। एक समाचार पत्र से बात करते हुए ऋचा ने बताया कि ‘‘कांग्रेस धर्म में विश्वास नहीं करती। मैं पार्टी के नेताओं को व्यक्तिगत रूप से जानते हुए कहना चाहती हूं कि वे धर्म में विश्वास करते हैं लेकिन उन्होंने इसे दिखाने में कभी विश्वास नहीं किया। अब कांग्रेस में एक धार्मिक जागृति है और मेरा काम लोगों को इस बारे में समझाना और ङ्क्षहदुत्व के समर्थक होने का दावा करने वालों को बेनकाब करना है।’’ 

ऋचा ने 5 साल की आयु में कथा पाठ सीखना शुरू कर दिया था। मूल रूप से इंदौर की रहने वाली ऋचा गोस्वामी अमरकंटक में अपने परिवार के एक आश्रम में बड़ी हुईं। उनके पिता संस्कृति व्याकरण के शिक्षक हैं और मां एक वकील हैं। ऋचा कहती हैं कि कम उम्र से ही उनका परिचय कथा वाचकों से हो गया था जिन्हें उनके पिता ने अमरेश्वर महादेव मंदिर में प्रवचन देते हुए प्रशिक्षित किया था। एक इंजीनियर बनने की महत्वाकांक्षा के साथ 12वीं कक्षा तक विज्ञान की छात्रा होने के बावजूद ऋचा ने आखिरकार अपने परिवार की इच्छा के अनुरूप इस क्षेत्र को आगे बढ़ाने का फैसला किया। 

महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय से स्नातक होने के बाद ऋचा गोस्वामी ने 650 से अधिक उपदेश देने का दावा किया है और वर्ष 2022 में सीधे 108 घंटे श्रीमद् भागवत महापुराण का पाठ करने का रिकार्ड बनाया। ऋचा अब अपने यू-ट्यूब चैनल का उपयोग भाजपा पर हमला बोलने के लिए करती हैं जो उन्होंने 2014 में शुरू किया था। ऋचा उन्हें अंधभक्त कहती हैं जो उनके महत्व के बारे में जाने बिना अनुष्ठानों का पालन करते हैं और धर्म के नाम पर नफरत को फैलाते हैं। ऋचा राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार से सवाल करती हैं कि आखिर उसने गौरक्षा के लिए क्या किया है? 

ऋचा का कहना है कि कांग्रेस हिंदू-मुसलमान के बीच भेदभाव नहीं करती। हिंदू धर्म का मतलब यह नहीं है कि आप एक छड़ी उठाएं और लोगों को सिर्फ इसलिए पीटना शुरू कर दें क्योंकि वे आपसे सहमत नहीं हैं। हिंदू धर्म से पहले वैदिक सनातन  धर्म था। हम सभी धर्मों को स्वीकार करते हैं और हिंदू तथा दूसरे धर्मों को मानने वाले लोगों में भेदभाव नहीं करते। 

ऋचा आगे कहती हैं कि, ‘‘जो लोग हिंदुत्व के समर्थक होने का दावा करते हैं वे यह नहीं जानते कि हमारा धर्म क्या है? वे न तो धर्म के मूल को समझते हैं और न ही चार वेदों के नाम बता सकते हैं। मैं महात्मा गांधी की विचारधारा में विश्वास करती हूं और लोगों को यह संदेश देना चाहती हूं कि यह कांग्रेस की विचारधारा है।’’-आनंद मोहन जे.


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News