भारत में 99 प्रतिशत लोग धर्म परिवर्तित कर बने हैं मुसलमान

punjabkesari.in Wednesday, Nov 20, 2019 - 01:56 AM (IST)

भगवान राम को हिंदू ही नहीं, मुसलमान भी पूजते हैं। भारत में 99 प्रतिशत मुसलमान तो धर्म परिवर्तन कर मुसलमान बने हैं। यह कहना है योगगुरु बाबा रामदेव का। उनका मानना है कि अयोध्या में भगवान राम का हिंदुओ तथा मुसलमानों से आपस में कोई तार जुड़ा है। 

भगवान राम को मुसलमान भी उसी सत्कार से पूजते हैं जैसे कि हिंदू। अयोध्या मसले को वह राष्ट्रीय एकता के तौर पर देखते हैं। उनका कहना है कि राम मंदिर हिंदुओं की संस्कृति के बारे में बहुत कुछ कहता है और यह विश्व में सबसे सुंदर मंदिरों में से एक कहलाएगा और यह हिंदुओं का सपना भी है। राम मंदिर हिंदुओं की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाएगा। रामदेव ऐसा मानते हैं कि कैथोलिक के लिए जैसा वैटिकन है, मुसलमानों के लिए जैसा मक्का है, सिखों के लिए हरिमंदिर साहिब, वैसा ही अयोध्या हिंदुओं के लिए है।

रामदेव कहते हैं कि सुप्रीम कोर्ट के अयोध्या विवाद पर आए फैसले के बाद दोनों पक्षों को राम मंदिर तथा मस्जिद के निर्माण के लिए हाथ से हाथ मिलाना चाहिए।मुसलमानों को राम मंदिर बनाने में अपना योगदान देना होगा और हिंदुओं को नई मस्जिद बनाने के लिए बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।

उनका कहना है कि फैसले से पूर्व कई तरह की भ्रांतियां थीं कि अयोध्या विवाद के फैसले के बाद देश में अफरा-तफरी का माहौल पैदा होगा। देश में इसके विपरीत देखने को मिला। किसी ने भी एक-दूसरे समुदाय पर पत्थर नहीं उछाला और यह बात यही साबित करती है कि भारत आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा अमित शाह की शांति स्थापना करने के लिए भी सराहना की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News