बिहार बस हादसा: 10 मरे, छह अन्य के मारे जाने की आशंका, रेस्क्यू जारी

punjabkesari.in Monday, Sep 19, 2016 - 06:59 PM (IST)

पटना: बिहार के मधुबनी जिले में सोमवार को एक बस के सड़क किनारे स्थित तालाब में गिरने से कम से कम 10 यात्रियों की मौत हो गई और छह अन्य लोगों के मारे जाने की आशंका है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार बर्नवाल ने बताया कि तालाब से अभी तक 10 शव निकाले जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में छह अन्य लोगों के मारे जाने की भी आशंका है। 

यह दुर्घटना जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर मधुबनी में बेनीपट्टी पुलिस थानांतर्गत बसइता चौक पर हुई। राज्य राजमार्ग पर जब यह दुर्घटना हुई, यह निजी बस मधुबनी से सीतामढ़ी जा रही थी। बस में 65 यात्री सवार थे। कुछ यात्री तैरकर सुरक्षित निकल गए। एक क्रेन की मदद से इस बस को खींचकर तालाब से बाहर निकाल लिया गया है और लापता लोगों के लिए तलाश अभियान जारी है।

पटना में, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस दुर्घटना में यात्रियों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा कि इस दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। कुमार ने राजस्व मंत्री मदन मोहन झा और पंचायती राज मंत्री कपिलदेव कामत को घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक और अन्य पुलिसकर्मियों को ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा जो घटनास्थल पर क्रेन के देरी से पहुंचने को लेकर गुस्साए थे। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव भी किया। हालांकि वे अतिरिक्त पुलिस बल आने के बाद घटनास्थल पर पहुंच गए। राज्य आपदा कार्यबल की एक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। मुख्यमंत्री ने पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भी निर्देश जारी किया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News