1200cc इंजन के साथ पेश हुई Triumph Tiger 1200, भारत में मार्च 2027 में होगी एंट्री

punjabkesari.in Wednesday, Oct 28, 2026 - 04:40 PM (IST)

नई दिल्ली। ब्रिटिश प्रीमियम टू-व्हीलर निर्माता कंपनी ट्रायम्फ अपनी फ्लैगशिप एडवेंचर बाइक Tiger 1200 के अपडेटेड मॉडल का वैश्विक स्तर पर अनावरण कर दिया है। इस नई बाइक को पहले से अधिक शक्तिशाली इंजन, बेहतर सस्पेंशन तकनीक और अत्याधुनिक रडार-बेस्ड सेफ्टी फीचर्स के साथ तैयार किया गया है। भारतीय बाजार में इस नई एडवेंचर-टूरर बाइक का इंतजार कर रहे राइडर्स के लिए यह मॉडल मार्च 2027 तक लॉन्च होने की उम्मीद है। कंपनी भारत में इसे दो प्रमुख वेरिएंट्स- GT Pro और Rally Explorer में उपलब्ध कराएगी।

जानिए क्या है खास?

इंजन और परफॉर्मेंस की बात करें तो नई Tiger 1200 में 1200cc का T-Plane ट्रिपल-सिलेंडर इंजन दिया गया है, जो 9,250 rpm पर 158 PS की पावर जनरेट करता है। पुराने मॉडल की तुलना में इसकी ताकत 8 PS बढ़ गई है। कंपनी ने इसके सिलेंडर हेड, वाल्व, पिस्टन और फ्यूल इंजेक्शन सिस्टम में कई सुधार किए हैं, जिससे गियर शिफ्टिंग और शाफ्ट ड्राइव का प्रदर्शन अधिक स्मूद हो गया है। इसके साथ ही ट्रैफिक के दौरान या तंग रास्तों पर कम स्पीड में बेहतर नियंत्रण बनाए रखने के लिए इसकी क्रॉलिंग स्पीड को लगभग 6 kmph कम किया गया है।

आरामदायक राइडिंग अनुभव के लिए बाइक में Showa का सेमी-एक्टिव सस्पेंशन सिस्टम दिया गया है, जो ऑटोमैटिक राइड-हाइट फीचर के साथ आता है। यह तकनीक बाइक के रुकते ही सीट की ऊंचाई को 30mm तक घटा देती है, जिससे राइडर के पैर आसानी से जमीन तक पहुंच सकें, और बाइक के चलते ही यह सामान्य ऊंचाई पर वापस आ जाती है। इसके अलावा, बाइक को आसानी से मुख्य स्टैंड पर खड़ा करने के लिए इसमें सेंटर स्टैंड असिस्ट फीचर भी जोड़ा गया है।

Bosch का एडवांस रडार सिस्टम लगाया गया

सुरक्षा के मोर्चे पर ट्रायम्फ ने इस नई बाइक में आगे और पीछे Bosch का एडवांस रडार सिस्टम लगाया है। यह रडार तकनीक राइडर को अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल, फॉरवर्ड कॉलिजन वार्निंग, इमरजेंसी ब्रेकिंग असिस्ट और ब्लाइंड-स्पॉट अलर्ट जैसे फीचर्स के जरिए सड़क पर आसपास के ट्रैफिक के प्रति सचेत रखती है। इन्फोटेनमेंट के लिए इसमें 7-इंच की HD टचस्क्रीन दी गई है, जो वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto को सपोर्ट करती है। लंबी यात्राओं और दैनिक उपयोग को ध्यान में रखते हुए GT Pro वेरिएंट में 20 लीटर और Rally Explorer वेरिएंट में 30 लीटर की क्षमता वाला बड़ा फ्यूल टैंक दिया गया है। दोनों वेरिएंट्स में राइडर और पिलियन पैसेंजर के लिए आरामदायक सीटिंग, हीटेड सीट्स और तीन स्तरों पर एडजस्ट होने वाली हीटेड ग्रिप्स जैसे प्रीमियम फीचर्स शामिल किए गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rahul Singh

Related News