Hyundai Bayon 26 अक्टूबर को होगी लॉन्च, कम कीमत में मिलेंगे Creta से भी ज्यादा हाई-टेक फीचर्स

punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 06:10 PM (IST)

ऑटो डेस्क : भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में सब-कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट को री-डिफाइन करने के लिए हुंडई अपनी बिल्कुल नई SUV Hyundai Bayon को 26 अक्टूबर को आधिकारिक तौर पर लॉन्च करने जा रही है। कंपनी के पोर्टफोलियो में यह नई गाड़ी वेन्यू के ऊपर और देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली SUV क्रेटा के ठीक नीचे जगह बनाएगी। कंपनी द्वारा हाल ही में उजागर की गई जानकारी के अनुसार, कम कीमत और क्रेटा से नीचे पोजिशन किए जाने के बावजूद Bayon में कई ऐसे अत्याधुनिक और प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं, जो ग्राहकों को अधिक महंगी क्रेटा में भी देखने को नहीं मिलते हैं। आइए जानते हैं Hyundai Bayon के उन शानदार फीचर्स के बारे में, जो इसे सेगमेंट में सबसे खास बनाते हैं:

12.3-इंच की बड़ी डुअल कर्व्ड स्क्रीन
Hyundai Bayon का इंटीरियर बेहद हाई-टेक और प्रीमियम अहसास देता है। इसमें एक साथ जुड़ी हुई 12.3-इंच की दो बड़ी कर्व्ड स्क्रीन का सेटअप दिया गया है, जिनमें से एक डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और दूसरी टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम का काम करती है। इसके विपरीत, अधिक कीमत वाली क्रेटा में केवल 10.25-इंच की स्क्रीन ही मिलती है और उसमें यह कर्व्ड सेटअप भी गायब है।

इन-बिल्ट वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto
Bayon में केबिन को वायर-फ्री रखने के लिए इन-बिल्ट वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto का सपोर्ट दिया गया है। दिलचस्प बात यह है कि क्रेटा के महंगे टॉप वेरिएंट्स में स्मार्टफोन कनेक्ट करने के लिए वायर्ड केबल लगानी पड़ती है, जबकि Bayon में ग्राहकों को बिना किसी केबल या डोंगल के सीधा वायरलेस कनेक्टिविटी का अनुभव मिलेगा।

Perplexity AI आधारित एडवांस्ड वॉयस असिस्टेंट
महिंद्रा और टाटा जैसी कंपनियों को कड़ी टक्कर देने के लिए हुंडई ने Bayon में पहली बार जनरेटिव AI तकनीक पेश की है। यह कार Perplexity AI और SoundHound द्वारा विकसित दुनिया के सबसे एडवांस्ड वॉयस असिस्टेंट के साथ आती है, जो पावरफुल NVIDIA चिपसेट पर काम करता है। पारंपरिक फिक्स्ड कमांड्स के बजाय यह एआई सिस्टम इंसानों की तरह सहज भाषा में बात करता है, जिससे ड्राइवर आसानी से मौसम, नेविगेशन और कार के फीचर्स को कंट्रोल कर सकता है।

23 फीचर्स के साथ लेवल-2 ADAS और 5-स्टार सेफ्टी का दावा
सुरक्षा के मामले में भी Bayon क्रेटा पर भारी पड़ती दिख रही है। जहाँ क्रेटा में 19 ADAS फीचर्स मिलते हैं, वहीं Bayon में 23 लेवल-2 ADAS सुरक्षा फीचर्स दिए गए हैं। इसमें हाईवे ड्राइविंग असिस्ट (HDA), फॉरवार्ड कॉलिजन एवॉडेंस (FCA-DO) और नेविगेशन-बेस्ड स्मार्ट क्रूज कंट्रोल जैसे एडवांस्ड फीचर्स शामिल हैं। इसके साथ ही हुंडई को पूरा भरोसा है कि उसकी यह नई सब-कॉम्पैक्ट SUV Bharat NCAP क्रैश टेस्ट में पूरे 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rahul Singh

Related News