भारत में रेनॉल्ट का बड़ा दांव: अगले 2-3 सालों में कुल बिक्री की 50% हिस्सेदारी हाइब्रिड और CNG की होगी

punjabkesari.in Sunday, Oct 18, 2026 - 11:10 AM (IST)

नई दिल्ली: फ्रांसीसी कार निर्माता कंपनी रेनॉल्ट भारत में 'मल्टी-फ्यूल पावरट्रेन' रणनीति पर जोर दे रही है। रेनॉल्ट इंडिया के CEO स्टीफन डेबलेस ने कहा कि अगले 2-3 सालों में कंपनी की कुल बिक्री में हाइब्रिड और CNG तकनीक की हिस्सेदारी लगभग आधी हो सकती है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब कंपनी भारत के लिए अपनी रणनीति में हाइब्रिड और CNG तकनीक पर बड़ा दांव लगा रही है। 

शनिवार को कंपनी ने अपनी SUV 'डस्टर' (Duster) में पहली बार 'स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड' तकनीक पेश की और भविष्य में फैक्ट्री-फिटेड CNG मॉडल लाने की भी योजना है। जब उनसे पूछा गया कि अगले 2-3 सालों में रेनॉल्ट इंडिया का पावरट्रेन मिक्स कैसा हो सकता है, तो डेबलेस ने कहा: "यह संभव है, हाइब्रिड और CNG से 50 प्रतिशत हिस्सेदारी मिल सकती है, लेकिन हमने कोई तय लक्ष्य नहीं रखा है।" भारत के कार बाजार में अब एक तकनीक की जगह तुरंत दूसरी तकनीक लेने के बजाय, कई तरह की पावरट्रेन तकनीकें (जैसे हाइब्रिड, CNG और इलेक्ट्रिक वाहन) एक साथ विकसित हो रही हैं। कार निर्माता कंपनियों का मानना ​​है कि हाइब्रिड तकनीक एक 'व्यावहारिक पुल' (practical bridge) की तरह काम करेगी। एक तरफ इलेक्ट्रिक वाहनों का इकोसिस्टम विकसित हो रहा है, तो दूसरी तरफ कड़े नियमों के कारण डीजल वाहनों का बाजार सिकुड़ रहा है। 

यह भी पढ़ें- टेस्ला की नई 'रोडस्टर' ने हवा में कलाबाज़ी खाकर चौंकाया, तीन शानदार वेरिएंट्स के साथ जानें कब होगी लांच

रेनॉल्ट, जो भारत को अपने विकास के लिए एक प्रमुख बाजार मानती है, डीजल के विकल्प के रूप में हाइब्रिड को पेश कर रही है। उन्होंने कहा, "यह एक बड़ा दांव है। हम इसका प्रचार इस तरह कर रहे हैं - 'डीजल भूल जाइए, हाइब्रिड अपनाइए' (Forget diesel, Go Hybrid)।" डेबलेस ने कहा, "वाहनों की कीमत डीजल गाड़ियों के बराबर ही होगी, लेकिन इनकी फ्यूल इकोनॉमी (माइलेज) बेहतर होगी। ग्राहकों को भी बेहतर अनुभव मिलेगा। डीजल गाड़ियों के समान कीमत पर ही आपको बेहतर तकनीक और बेहतर फ्यूल इकोनॉमी मिलेगी।" उनके अनुसार, अभी तक हाइब्रिड गाड़ियों की बिक्री ने जोर नहीं पकड़ा है, क्योंकि बाजार में पर्याप्त मॉडल उपलब्ध नहीं हैं और जो मॉडल मौजूद हैं, उनका प्रदर्शन उतना दमदार नहीं है। 

यह भी पढ़ें- अमेरिका में हुंडई मोटर 94,000 से अधिक वाहनों को वापस मंगाएगी, पावर सीट मोटर ओवरहीट होने से आग लगने का खतरा

डेबलेस को उम्मीद है कि जैसे-जैसे बाजार में और अधिक हाइब्रिड विकल्प आएंगे, इनकी मांग भी बढ़ेगी। उनका मानना ​​है कि रेनॉल्ट के पोर्टफोलियो में चार मीटर से बड़ी गाड़ियों में हाइब्रिड का हिस्सा ज्यादा होगा, जबकि चार मीटर से छोटी गाड़ियों (सब-फोर-मीटर सेगमेंट) में CNG की संभावनाएं अधिक हैं, खासकर ट्राइबर कॉम्पैक्ट MPV के CNG वर्ज़न के मामले में। डस्टर के स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वेरिएंट में ARAI-प्रमाणित 29 km प्रति लीटर की फ्यूल एफिशिएंसी (माइलेज) मिलने का दावा किया गया है। इसमें 1.8-लीटर पेट्रोल इंजन, दो इलेक्ट्रिक मोटर और 1.4 kWh की बैटरी दी गई है, जो कुल मिलाकर 160 PS की पावर देती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News