Tesla ने हासिल की 50 लाख इलेक्ट्रिक कारें बनाने की उपलब्धि
punjabkesari.in Wednesday, Sep 20, 2023 - 11:56 AM (IST)

ऑटो डेस्क. Tesla की कारों की दुनिया भर में काफी बिक्री होती है। हाल ही में कंपनी ने एक नई उपलब्धि हासिल की है। टेस्ला ने 17 सितंबर को पांच मिलियन (50 लाख) इलेक्ट्रिक कारें बना ली है, जिसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर दी है। कंपनी अगले साल की शुरुआत में 60 लाख का आंकड़ा छूने की उम्मीद है क्योंकि टेस्ला 2024 की शुरुआत में अपने साइबरट्रक इलेक्ट्रिक पिकअप ट्रक के उत्पादन में बढ़ोतरी करने का लक्ष्य बना रही है।
टेस्ला की 50 लाखवीं यूनिट कार एक फेसलिफ्ट Model 3 है। नई उपलब्धि की घोषणा टेस्ला की गीगा शंघाई मैन्युफेक्चरिंग प्लांट द्वारा अपने 20 लाखवें वाहन के निर्माण का जश्न मनाने के दो हफ्ते से भी कम समय के बाद हुई है। इस प्लांट ने 2019 के आखिर में परिचालन शुरू किया था।
टेस्ला का सफर
टेस्ला ने मार्च 2020 में पहली 10 लाख कारों का उत्पादन किया था। उसके बाद अगली 10 लाख कारों का उत्पादन 18 महीने से भी कम समय में किया गया। वहीं 30 लाख यूनिट उत्पादन मील के पत्थर तक पहुंचने में 11 महीने लगे। इसके अलावा सिर्फ सात महीनों में 40 लाख यूनिट उत्पादन का लक्ष्य हासिल किया गया। अब अगली 10 लाख कारों को तैयार होने में केवल साढ़े छह महीने लगे। कंपनी ने पिछले तीन वर्षों में उत्पादन की रफ्तार में सुधार किया है, जिससे कंपनी 50 लाख इलेक्ट्रिक कारें बनाने का आंकड़ा हासिल कर पाई।