Honda Amaze ने भारत में पूरे किए 10 साल, 5.3 लाख यूनिट अबतक किए सेल
punjabkesari.in Thursday, Apr 06, 2023 - 11:17 AM (IST)

ऑटो डेस्क: होंडा कार्स इंडिया अपनी लोकप्रिय सेडान होंडा अमेज़ की 10वीं वर्षगांठ मना रही है। कंपनी ने भारत में 2013 में पहली बार होंडा अमेज को लॉन्च किया था। इसके बाद से ही यह होंडा का सबसे ज्यादा बिकने वाला मॉडल बन गया। इस समय देश में बेची जाने वाली हर दो होंडा कारों में से एक कार अमेज़ है, भारत में एचसीआईएल की बिक्री का 53 % योगदान होंडा अमेज़ करती है।
इस मौके पर होंडा कार्स लिमिटेड के प्रेसिडेंट और सीईओ श्री ताकुया सुमुरा ने होंडा अमेज़ की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा, “आज का दिन भारत में होंडा अमेज़ का उल्लेखनीय दिन है। आज कंपनी ने भारत में अपने सफर में एक और उपलब्धि हासिल की है। आज के दिन होंडा अमेज़ ने 5.3 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं के साथ भारत में अपने सफर के 10 साल सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं। यह हमारे संकलन का रणनीतिक रूप से प्रीमियम एंट्री मॉडल है, जो हमारे उपभोक्ताओं को अपने बोल्ड स्टाइल, शानदार परफॉर्मेंस, स्थायित्व, निर्माण की क्वालिटी, सुरक्षा और सुविधाजनक अहसास से एक लेवल ऊपर का अनुभव प्रदान करती है। हमें बेहद खुशी है कि अमेज़ भारत में हमारे कारोबार में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है और कंपनी द्वारा निर्मित कारों में से सबसे ज्यादा बिकने वाला मॉडल बनकर उभरी है। पहली बार कार खरीदने वाले 40 फीसदी लोगों ने होंडा अमेज़ को पसंद किया। इससे एडवांस्ड सीवीटी ऑटोमैटिक वैरिएंट्स की ओर उपभोक्ताओं के बढ़ते आकर्षण की झलक मिलती है। यह कार के मौजूदा मॉडलों की बिक्री में करीब 35 फीसदी का योगदान देती है।“
बता दें कि फर्स्ट जेनरेशन की होंडा अमेज़ को अप्रैल 2013 में लॉन्च किया था। वहीं मार्च 2018 में सेकेंड जेनरेशन मॉडल को लॉन्च किया गया था, जिसकी अबतक 2.7 लाख कारें बिक चुकी हैं। होंडा अमेज़ का प्रोडक्शन भारत के राजस्थान में होंडा के तापुकारा प्लांट में किया जाता है। ये मेड इन इंडिया होंडा अमेज़ कारों को दक्षिण अफ्रीका और सार्क देशों में भी इंपोर्ट की जाती हैं।
सेफ्टी के मामले में ये इन इंडिया होंडा अमेज़ को ग्लोबल एनसीएपी से 4-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है। अफ्रीका कैंपेन के लिए सुरक्षित कारों के तहत अफ्रीका के लिए बनाए गए स्पेशल वैरिएंट की 2019 में क्रैश टेस्टिंग के समय होंडा अमेज़ की कारों को यह रेटिंग मिली थी।