15 मिनट की चार्जिंग में 250 KM की रेंज, Tata ने लॉन्च की नई Sierra EV, कीमत जानकर रह जाएंगे हैरान
punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 07:22 PM (IST)
नेशनल डेस्क : भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में Tata Motors ने अपनी बहुप्रतीक्षित Sierra EV को आखिरकार लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 18.79 लाख रुपये रखी है, जबकि इसके टॉप वैरिएंट की कीमत 24.79 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है। ICE (पेट्रोल/डीजल) मॉडल के मुकाबले इस इलेक्ट्रिक SUV में डिज़ाइन और फीचर्स में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। Tata की EV लाइनअप में यह सातवीं इलेक्ट्रिक कार है और इसे Harrier EV से नीचे पोजिशन किया गया है। इसकी बुकिंग आज से शुरू हो गई है, जबकि डिलीवरी 15 जुलाई से शुरू होगी।
डिज़ाइन में क्या है नया?
Sierra EV को ICE मॉडल से अलग पहचान देने के लिए इसमें बॉडी-कलर क्लोज़्ड फ्रंट ग्रिल, नया फ्रंट बम्पर और EV-स्पेसिफिक डिज़ाइन एलिमेंट्स दिए गए हैं। SUV में नए डिज़ाइन वाले 18-इंच एयरोडायनामिक अलॉय व्हील्स लगाए गए हैं। इसके अलावा, QWD बैजिंग इसे ऑल-व्हील-ड्राइव पहचान देती है, जबकि इसका अपराइट सिल्हूट Sierra की क्लासिक पहचान को बरकरार रखता है। कंपनी ने इसे सात आकर्षक रंगों में पेश किया है- ऋषिकेश रैपिड्स, नैनीताल नॉक्टर्न, प्रिस्टिन व्हाइट, अंडमान एडवेंचर, प्योर ग्रे, बंगाल रूज और कूर्ग क्लाउड। इनमें से पहले दो रंग केवल QWD वैरिएंट्स के लिए उपलब्ध होंगे।
केबिन में मिलेंगी तीन बड़ी स्क्रीन
Sierra EV का इंटीरियर आधुनिक तकनीक से लैस है। इसमें ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप दिया गया है, जिसमें 10.25-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 12.3-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 12.3-इंच पैसेंजर डिस्प्ले शामिल हैं। कंपनी का दावा है कि केबिन में रीसायकल्ड प्लास्टिक और अन्य पर्यावरण-अनुकूल सामग्री का इस्तेमाल किया गया है।
फीचर्स की भरमार
नई Sierra EV में वायरलेस चार्जर, एयर प्यूरीफायर, ई-वैलेट (ऑटोनॉमस पार्किंग), वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, एम्बिएंट लाइटिंग, रियर सनब्लाइंड्स, डुअल-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और पावर्ड टेलगेट जैसे फीचर्स मिलते हैं। यह भारत की पहली कार है, जिसमें Apple CarPlay के जरिए Dolby Atmos का सपोर्ट मिलता है। इसके साथ 12 JBL ब्लैक स्पीकर्स दिए गए हैं। SUV में हेड-अप डिस्प्ले (HUD) भी है, जो स्टैंडर्ड, इमर्सिव, पर्सनल और स्नो जैसे चार डिस्प्ले मोड के साथ आता है। सुरक्षा के लिए इसमें ADAS लेवल-2, छह एयरबैग, ESP और 540-डिग्री कैमरा सिस्टम समेत कई एडवांस सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं।
दमदार पावर और लंबी रेंज
Tata Sierra EV में डुअल-मोटर सेटअप मिलता है। इसमें पीछे की ओर 175 kW और आगे की ओर 103 kW की इलेक्ट्रिक मोटर लगी है। दोनों मोटर मिलकर 504 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करती हैं। बेहतर ड्राइविंग अनुभव के लिए इसमें कई ड्राइव मोड भी दिए गए हैं।
ग्राहकों के लिए 75 kWh और 63 kWh बैटरी पैक का विकल्प उपलब्ध है। बड़ा 75 kWh बैटरी पैक 500 किलोमीटर से ज्यादा की रियल-वर्ल्ड रेंज और 665 किलोमीटर (MIDC) की दावा की गई रेंज देता है। वहीं, छोटे बैटरी पैक के साथ 565 किलोमीटर (MIDC) की दावा की गई रेंज मिलती है।
दोनों बैटरी LFP HV तकनीक पर आधारित हैं और इन्हें 120 kW DC फास्ट चार्जर, 7.2 kW AC और 3.3 kW चार्जर से चार्ज किया जा सकता है। कंपनी के मुताबिक, 120 kW फास्ट चार्जर से सिर्फ 15 मिनट की चार्जिंग में 250 किलोमीटर से ज्यादा की ड्राइविंग रेंज मिल सकती है। इसके अलावा, SUV में V2V (Vehicle-to-Vehicle) और V2L (Vehicle-to-Load) चार्जिंग फीचर भी दिया गया है।
