अब थानों में भी पुलिस पर हमले करने लगे अपराधी

punjabkesari.in Thursday, Sep 14, 2023 - 04:14 AM (IST)

आज देश में अपराधियों के बढ़ते हौसलों ने कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी समस्या पैदा कर दी है। हालत यह हो गई है कि अब तो आपराधिक तत्वों ने पुलिस थानों में ही पुलिस कर्मियों पर हमले शुरू कर दिए हैं। 11 सितम्बर को गिद्दड़बाहा (पंजाब) में किसी विवाद के निपटारे के लिए पुलिस ने दो पक्षों को थाने में बुलाया। पुलिस जब दोनों पक्षों की बात सुन रही थी तो इसी बीच दोनों में बहस होने लगी और दोनों पक्ष तैश में आ गए। पुलिस कर्मियों ने दोनों पक्षों को बहस करने से रोका तो सूरज कुमार वाले पक्ष ने पुलिस पार्टी से बहस करनी शुरू कर दी। 

रोहित कुमार ने सिपाही मनप्रीत सिंह को धक्का दिया और अपने मुंह से उसके बाएं हाथ की पहली उंगली पर काट लिया। फिर मनु रानी ने उसकी वर्दी पर हाथ डाला, जिससे उसकी वर्दी का बायां फ्लैपर और व्हिसल की डोरी टूट गई। इसी दौरान संतरी ड्यूटी पर तैनात जसकरण सिंह उन्हें बचाने के लिए पहुंचा तो सूरज कुमार ने उसकी शर्ट के बटन तोड़ दिए। इसी बहस में शिवा ने आधी ईंट उठाकर सिपाही मनप्रीत सिंह के बाएं कंधे पर मारी और सुषमा देवी ने एक ढेला उठाकर उसके हाथ पर मारा। जब सिपाही मनदीप सिंह उन्हें बचाने लगा तो तिलक राज ने थाने में पड़े डंडे से ही उसकी दाहिनी बाजू पर वार कर दिया। 

उक्त घटना से स्पष्ट है कि आज समाज विरोधी तत्वों के हौसले किस कदर बढ़ गए हैं। यदि ऐसे तत्वों को सख्ती से नहीं रोका गया तो इन पर काबू पाना पुलिस के लिए कठिन हो जाएगा। जब पुलिस थानों में पुलिस ही सुरक्षित नहीं तो सड़कों पर आपराधिक तत्वों के हाथों आम आदमी की सुरक्षा की कितनी उम्मीद की जा सकती है।—विजय कुमार


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News