दिल्ली के चुनावों में इस समय ‘फिर त्रिशंकु विधानसभा की संभावना’

punjabkesari.in Friday, Jan 30, 2015 - 04:25 AM (IST)

7 फरवरी को हो रहे दिल्ली विधानसभा के चुनावों ने इन दिनों राजधानी का राजनीतिक तापमान बढ़ा रखा है। चुनावों में विजय प्राप्त करने की स्थिति में भाजपा ने पूर्व आई.पी.एस. अधिकारी किरण बेदी को तथा  ‘आप’ ने अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा भी पहले ही कर दी है।

इन चुनावों में भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के शीर्ष रणनीतिज्ञों अमित शाह और अरुण जेतली ने इस चुनावी समर की कमान संभाली हुई है। स्टार प्रचारक नरेंद्र मोदी के अलावा भाजपा ने अपने प्रचार अभियान में 22 शीर्ष मंत्रियों और 17 सांसदों को लगा कर उन्हें पार्टी की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार करने की जिम्मेदारी सौंप दी है।
 
इसके साथ ही भाजपा ने किरण बेदी को आटो ड्राइवरों तक पहुंच बनाने के लिए एक विशेष टीम बनाकर दी है क्योंकि पिछले चुनावों में अरविंद केजरीवाल की विजय में आटो चालकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।  
 
दिल्ली भाजपा में किरण बेदी की पैराशूट एंट्री के कारण पड़ी फूट को देखते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भी अपने कार्यकत्र्ताओं को भाजपा के पक्ष में पूरी ताकत से काम करने का निर्देश दे दिया है और कहा है कि ‘‘आप लोग कबड्डी के खिलाडिय़ों की तरह इन चुनावों में पूरी ताकत लगा दें जो अपने विरोधी को छू कर वापस अपने पाले में आने तक सांस नहीं छोड़ते।’’
 
इस बीच जहां किरण बेदी के दो वोटर कार्ड होने का मामला गर्माया हुआ है और अन्ना हजारे ने भी उनसे नाराजगी जाहिर कर दी है, वहीं पार्टी (भाजपा) वर्करों में तालमेल का भी अभाव नजर आ रहा है। 
 
इन चुनावों में दोनों ही पार्टियां नरेंद्र मोदी, स्वामी रामदेव और अरविंद केजरीवाल के डुप्लीकेटों का इस्तेमाल कर रही हैं और अब इन डुप्लीकेटों ने भी अपनी जान को खतरा बताकर सिक्योरिटी की मांग कर दी है। 
 
केजरीवाल की पार्टी को सर्वाधिक चुनावी चंदा महाराष्ट्र और कर्नाटक से आ रहा है जहां ‘आप’ का कोई अस्तित्व ही नहीं है। इसके अलावा इसे 63 देशों में फैले 2 लाख दानियों ने चंदा भेजा है। ‘आप’ ने पिछले 2 महीनों में भारत में से 10.30 करोड़ रुपए चंदा इकठ्ठा किया है। इसके अतिरिक्त 30 प्रतिशत चंदा इसे अमरीका, कनाडा, संयुक्त अरब अमीरात और इंगलैंड आदि से आया है।
 
इसी बीच बॉलीवुड के प्रसिद्ध संगीतकार और गायक ‘विशाल डडलानी’ ने भी अपने हाथों में गिटार लेकर अचानक ‘आप’ की टोपी पहनकर इसकी एक रैली में आकर सबको हैरान कर दिया।
 
चुनाव प्रचार में आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला भी जारी है। अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि जैसे पिछले चुनावों में आप के 6 उम्मीदवारों के विरुद्ध फर्जी ‘स्टिंग आप्रेशन’ दिखाए गए थे वैसी ही साजिश इस बार भी रची जा रही है परंतु अपनी पार्टी की सफलता के प्रति आश्वस्त केजरीवाल ने यह भी कहा कि स्वयं भाजपा के कुछ उच्च नेताओं ने उन्हें फोन करके बताया है कि वे किरण बेदी की पराजय को यकीनी बना देंगे।
 
पिछले कुछ महीनों के दौरान विधानसभा चुनावों में सफलता और गणतंत्र दिवस समारोह में ‘बराक ओबामा’ की उपस्थिति से भाजपा इन चुनावों में अपनी विजय को लेकर उत्साह से भरी हुई थी परंतु एक नवीनतम सर्वे ने भाजपा नेताओं की नींद उड़ा दी है। 
 
इसके अनुसार दिल्ली के आधे अर्थात लगभग 50 प्रतिशत मतदाता आम आदमी पार्टी, 41 प्रतिशत भाजपा व 9 प्रतिशत मतदाता कांग्रेस के पक्ष में हैं। मुस्लिम, दलित, आदिवासी, पिछड़ी जातियां व कम आय वर्ग के बीच आम आदमी पार्टी की धूम है। सर्वे के अनुसार केजरीवाल 43 प्रतिशत, बेदी 39 प्रतिशत और अजय माकन 12 प्रतिशत लोगों की पसंद हैं। 
 
यदि आज चुनाव हो जाएं तो भाजपा और ‘आप’ के बीच कांटे की टक्कर होगी व कांग्रेस हाशिए पर ही रहेगी तथा त्रिशंकु विधानसभा के ही अस्तित्व में आने की संभावना है परंतु 10 फरवरी को परिणामों की घोषणा के बाद ही इसका जवाब मिलेगा कि चुनावों में मतदाता क्या रंग दिखाते हैं। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News