बढ़त के साथ बंद हुआ बाजार, सैंसेक्स 86 अंक चढ़ा

punjabkesari.in Thursday, Apr 20, 2017 - 03:56 PM (IST)

नई दिल्लीः घरेलू बाजारों में आज अच्छी बढ़त के साथ कारोबार देखने को मिला है। निफ्टी की 5 दिनों की कमजोरी पर ब्रेक लग गया है। सैंसेक्स और निफ्टी 0.25 फीसदी से ज्यादा की बढ़त के साथ बंद हुए हैं। सैंसेक्स 29400 के ऊपर बंद हुआ है, जबकि निफ्टी 9140 के करीब बंद हुआ है। आज के कारोबार में निफ्टी ने 9143.9 तक दस्तक दी, जबकि सैंसेक्स 29453 तक पहुंचा था। सैंसेक्स 85.82 अंक यानि 0.29 फीसदी की तेजी के साथ 29,422.39 के स्तर पर बंद हुआ है। वहीं एन.एस.ई. का 50 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स निफ्टी 32.90 अंक यानि 0.36 फीसदी की मजबूती के साथ 9,136.40 के स्तर पर बंद हुआ है।

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में तेजी
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में अच्छी खरीदारी दिखी है। बी.एस.ई. का मिडकैप इंडेक्स 0.7 फीसदी तक बढ़कर बंद हुआ है, जबकि निफ्टी के मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.9 फीसदी की मजबूती आई है। बी.एस.ई. का स्मॉलकैप इंडेक्स 1.1 फीसदी तक उछलकर बंद हुआ है।

ऑटो-आई.टी. में बढ़त
ऑटो, एफ.एम.सी.जी., आई.टी., मीडिया, रियल्टी, पी.एस.यू. बैंक, कंज्यूमर ड्युरेबल्स और कैपिटल गुड्स शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी दिखी है। निफ्टी के ऑटो इंडेक्स में 0.8 फीसदी, एफ.एम.सी.जी. इंडेक्स में 0.5 फीसदी, आई.टी. इंडेक्स में 1 फीसदी, मीडिया इंडेक्स में 2 फीसदी और पी.एस.यू. बैंक इंडेक्स में 0.9 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है। बी.एस.ई. के रियल्टी इंडेक्स में 2.1 फीसदी, कंज्यूमर ड्युरेबल्स इंडेक्स में 1.25 फीसदी और कैपिटल गुड्स इंडेक्स में 0.7 फीसदी की तेजी आई है।

बैंक निफ्टी में गिरावट
बैंक निफ्टी 0.3 फीसदी गिरकर 21,500 के नीचे बंद हुआ है, जबकि निफ्टी का प्राइवेट सेक्टर बैंक इंडेक्स 0.7 फीसदी तक कमजोर हुआ है। फार्मा, पावर, ऑयल एंड गैस और मेटल शेयरों में भी दबाव देखने को मिला है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News