नई जीवन बीमा पालिसी से प्रीमियम 26% बढ़ा

punjabkesari.in Sunday, Apr 23, 2017 - 05:08 PM (IST)

नई दिल्लीः देश में जीवन बीमा कंपनियों ने 2016-17 में नई पालिसी से कुल 1,75,022.50 करोड़ रुपए की प्रीमियम राशि जुटाई। यह इससे पिछले साल के मुकाबले 26.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। हालांकि इस दौरान नई पालिसी की संख्या कम रही।   

भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) के आंकड़ों के अनुसार बीमा कंपनियों ने 2015-16 में 1,38,657.31 करोड़ रुपए संग्रह किए थे। हालांकि पिछले वित्त वर्ष में पालिसी की संख्या घटकर 2,64,56,645 रही जो 2015-16 में 2,67,40,088 थी। यह बताता है कि पालिसीधारकों ने अधिक राशि की पालिसी ली। देश में करीब 36 करोड़ पालिसी के साथ जीवन बीमा उद्योग दुनिया में सबसे बड़ा है। देश मेें 24 जीवन बीमा कंपनियां हैं। एल.आई.सी. एकमात्र सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनी है जबकि शेष निजी क्षेत्र में हैं।  

एल.आई.सी. ने 2016-17 में सर्वाधिक 1,24,396.27 करोड़ रुपए का प्रथम वर्ष का प्रीमियम जुटाया जो 2015-16 के मुकाबले 27.4 प्रतिशत अधिक है।। इससे कंपनी की बाजार हिस्सेदारी बढ़ कर 71.07 प्रतिशत हो गई जो इससे एक साल पहले 70.61 प्रतिशत थी। शेष निजी क्षेत्र की 23 बीमा कंपनियों का नई पालिसी से प्राप्त प्रथम वर्ष का प्रीमियम संग्रह 50,626.23 करोड़ रुपए रहा। निजी बीमा कंपनियों में एस.बी.आई. लाइफ का प्रीमियम संग्रह 42.8 प्रतिशत बढ़कर 10,145.76 करोड़ रुपए रहा। 

एच.डी.एफ.सी. स्टैंडर्ड का संग्रह 34 प्रतिशत बढ़कर 8,696.21 करोड़ रुपए तथा आई.सी.आई.सी.आई. प्रूडेंशियल का प्रीमियम संग्रह 16.2 प्रतिशत बढ़कर 7,863.40 करोड़ रुपए रहा। जीवन बीमा कंपनियों में रिलायंस निप्पन लाइफ तथा एगोन लाइफ को छोड़कर अन्य के प्रीमियम संग्रह में पिछले वित्त वर्ष में वृद्धि हुई है। रिलायंस निप्पन का नया प्रीमियम 32.5 प्रतिशत घटकर 1,051.58 करोड़ रुपए जबकि एगोन लाइफ का संग्रह 33 प्रतिशत घटकर 91.42 करोड़ रुपए रहा। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News