क्या K2-18b है एलियंस का घर? वैज्ञानिक बोले- धरती से 120 प्रकाशवर्ष दूर जीवन के पुख्ता संकेत

punjabkesari.in Friday, May 30, 2025 - 06:41 PM (IST)

नेशनल डेस्क: क्या हम इस ब्रह्मांड में अकेले हैं? क्या कहीं और भी जीवन मौजूद है? ये सवाल इंसानी जिज्ञासा के केंद्र में सदियों से रहे हैं। अब इन सवालों का जवाब मिल सकता है। कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने एक ऐसे ग्रह पर जीवन के बेहद मजबूत संकेत खोजे हैं जो हमारी पृथ्वी से कई गुना बड़ा है और यहां एलियंस जैसी जीवन की संभावनाएं लगभग पक्की मानी जा रही हैं।

K2-18b: क्या यहीं छिपे हैं एलियंस?

कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों को हाल ही में एक बड़े अंतरिक्ष मिशन के दौरान K2-18b नाम के एक ग्रह पर जीवन की मौजूदगी के सबसे अच्छे संकेत मिले हैं। वैज्ञानिक 99.7% तक आश्वस्त हैं कि इस ग्रह पर जीवन हो सकता है। इस खोज को अंजाम देने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई है जेम्स वेब स्पेस टेलिस्कोप की, जो NASA का सबसे उन्नत अंतरिक्ष दूरबीन है। वैज्ञानिकों ने K2-18b के वायुमंडल का अध्ययन किया और उसमें DMS (डाइमेथिल सल्फाइड) नाम के अणु की पहचान की। यह वही अणु है, जो पृथ्वी पर समुद्र में रहने वाले शैवाल (microalgae) द्वारा उत्पन्न होता है। इसके अलावा वैज्ञानिकों ने डाइमेथिल डाइसल्फाइड (DADS) और अन्य जैविक अणुओं के फिंगरप्रिंट भी इस ग्रह के वातावरण में पाए हैं। ये सब संकेत इस ओर इशारा करते हैं कि इस ग्रह पर कोई न कोई जैविक गतिविधि जरूर हो रही है।

धरती से कितना दूर और अलग है K2-18b?

K2-18b हमारी पृथ्वी से करीब 120 प्रकाशवर्ष दूर है, यानी अगर हम आज वहां जाने की कोशिश करें, तो मौजूदा तकनीक से वहां पहुंचने में लाखों साल लग सकते हैं। यह ग्रह हमारी पृथ्वी से करीब ढाई गुना बड़ा है और इसके वातावरण में घना हाइड्रोजन गैस वाला वायुमंडल मौजूद है। वैज्ञानिकों का यह भी मानना है कि इस ग्रह की सतह पर पानी से भरा महासागर हो सकता है। यदि ऐसा है, तो यह पृथ्वी जैसी परिस्थितियों के काफी करीब माना जा सकता है।

क्या K2-18b पर होंगे इंसानों जैसे एलियंस?

अब सवाल उठता है कि अगर इस ग्रह पर जीवन है, तो क्या वह इंसानों जैसा होगा? इसका जवाब फिलहाल ‘नहीं’ है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, वहां पाए जाने वाले जीवन की संभावना सूक्ष्मजीवों या समुद्री शैवालों जैसी हो सकती है। लेकिन यह शुरुआत है और एक ऐसा संकेत, जो हमें उस दिशा में ले जा सकता है, जहां एक दिन हम इंसानों जैसे एलियंस से संपर्क कर सकें।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ashutosh Chaubey

Related News