UP : आलू की सब्जी को लेकर विवाद, पति ने पत्नी को कई जगह पर काटा, सिर पर पत्थर से किए वार
punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2026 - 11:13 AM (IST)
भदोही (उप्र) : भदोही जिले में रात के खाने में आलू की सब्जी परोसे जाने से नाराज एक व्यक्ति ने पत्नी को शरीर पर कई जगह दांतों से कथित तौर पर काटा और उसके सिर पर पत्थर से बार-बार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यह घटना चौरी थाना क्षेत्र के डोममपुर गांव में 12 अक्टूबर की शाम की है।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता प्रीति विश्वकर्मा (40) की शिकायत पर आरोपी पति ओम प्रकाश विश्वकर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि ओम प्रकाश ने उस शाम अपनी पत्नी से खाना मांगा और जब प्रीति ने आलू की सब्जी परोसी तो आरोपी ने सवाल किया कि उसने यही सब्जी क्यों बनाई है। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
सिंह ने बताया कि हमले के दौरान आरोपी ने प्रीति को शरीर पर कई जगह दांतों से कथित तौर पर काटा और उसके सिर पर पत्थर से बार-बार वार किए। इससे वह बेहोश हो गई, जिसके बाद ओम प्रकाश मौके से फरार हो गया। मां को बेहोश पड़ा देखकर बच्चे रोने लगे। इसके बाद स्थानीय लोगों ने प्रीति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।
अधिकारी ने बताया कि चोटों की गंभीरता को देखते हुए प्रीति को उसी रात जिला अस्पताल भेज दिया गया। तब से उसकी हालत में सुधार हुआ है। सिंह ने बताया कि प्रीति की शिकायत के आधार पर बुधवार को ओम प्रकाश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) और 352 (जानबूझकर अपमानित करना) के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
