JNU विवाद: कुमार विश्वास बोले, देशद्रोहियों के खिलाफ कार्रवाई करे सरकार

punjabkesari.in Friday, Feb 12, 2016 - 08:22 PM (IST)

नई दिल्ली : संसद पर हमले के दोषी अफजल गुरु को फंासी पर लटकाने के विरोध में जेएनयू में आयोजित कार्यक्रम को लेकर जहां विवाद फैला हुआ है वहीं आप नेता कुमार विश्वास ने आज कहा कि केंद्र को ‘‘देशद्रोहियों’’ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए और उदाहरण पेश करना चाहिए।  विश्वास ने दिल्ली पुलिस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ‘‘तय लक्ष्य’’ पर कार्रवाई करने में वे बड़ी तेजी दिखाते हैं। 
 
उनका इशारा संभवत: आम आदमी पार्टी की तरफ था। पुलिस को जेएनयू के मामले में तेजी से कार्रवाई करनी चाहिए और ‘‘देशविरोधी तत्वों को हिरासत’’ में लेना चाहिए।  विश्वास ने ट्वीट कर कहा, ‘‘समय आ गया है कि जिन लोगों ने जेएनयू में भारत विरोधी नारे लगाए या समर्थन किया उन्हें दंडित कर उदाहरण पेश किया जाए। भारतीय कानून में एेसी गतिविधियों के लिए सजा का प्रावधान है। इन देश विरोधी मानसिकताओं के खिलाफ भारत सरकार को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।’’ 
 
विश्वास ने कहा, ‘‘दिल्ली पुलिस ‘निश्चित लक्ष्य’ के खिलाफ तेजी से कार्रवाई करती है उसे जेएनयू मामले और देशद्रोहियों को हिरासत में लेने में तत्परता दिखानी चाहिए।’’ गुरु को फांसी पर लटकाने की बरसी पर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में मंगलवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था और उसको फांसी पर लटकाने के खिलाफ नारेबाजी की गई जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने एबीवीपी की शिकायत पर कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति रद्द कर दी थी। हंगामा होने के बाद दिल्ली पुलिस ने कल भाजपा सांसद महेश गिरि और एबीवीपी की शिकायत पर देशद्रोह के आरोप में मामला दर्ज किया था। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News