सिर्फ 30 दिन बाद ही इस देश के PM ने पद से दे दिया इस्तीफा, जानें क्या थी वजह
punjabkesari.in Monday, Oct 06, 2025 - 04:56 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क : फ्रांस देश के प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। यह इस्तीफा उनके सिर्फ 30 दिन के कार्यकाल के बाद आया है, जिससे फ्रांस की राजनीति में एक बार फिर संकट पैदा हो गया है। लेकोर्नू पहले फ्रांस के रक्षा मंत्री थे और राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों ने उन्हें प्रधानमंत्री बनाया था। उनका इस्तीफा राष्ट्रपति द्वारा स्वीकार कर लिया गया है।
रविवार की बैठक के बाद इस्तीफा
फ्रांस में रविवार को राष्ट्रपति मैक्रों ने देर रात मंत्रिमंडल की बैठक की थी। बैठक के बाद नए कैबिनेट लाइनअप का ऐलान किया गया। इसी घोषणा के तुरंत बाद लेकोर्नू ने इस्तीफा दे दिया। हालांकि, बैठक में कोई बड़े बदलाव नहीं किए गए थे, लेकिन इस्तीफा राजनीतिक हलचल बढ़ाने के लिए पर्याप्त साबित हुआ।
इस्तीफे के पीछे लोन और आर्थिक संकट
लेकोर्नू 1 महीने के भीतर इस्तीफा देने वाले फ्रांस के सबसे कम कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं। उनकी अचानक यह पहल देश की वित्तीय समस्याओं की ओर इशारा करती है। फ्रांस की सार्वजनिक ऋण समस्या इस इस्तीफे के पीछे सबसे बड़ी वजह मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि फ्रांस सरकार ने अब तक इतिहास में सबसे ज्यादा कर्ज लिया है। खर्चों को पूरा करने के लिए सरकार को लगातार उधार लेना पड़ रहा है। यूरोपियन यूनियन में ग्रीस और इटली के बाद फ्रांस पर सबसे अधिक कर्ज है।
मैक्रों का राजनीतिक दांव फेल?
राष्ट्रपति मैक्रों ने देश की राजनीतिक स्थिति को मजबूत करने के लिए पिछले साल मध्य में आकस्मिक संसदीय चुनावों का ऐलान किया था। लेकिन चुनाव के बाद से राजनीतिक गतिरोध बढ़ गया और अब मैक्रों का गुट सभा में अल्पमत में है। इससे यह अंदेशा है कि मैक्रों का प्लान उल्टा पड़ गया है और सरकार को आगे कई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।