अपने बेटे को दुकान की चाबी देने से पहले याद रखें ये बात

punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2015 - 02:31 PM (IST)

एक बार की बात है कि एक आदमी जो पेशे से दुकानदार था बड़ा दुखी रहता था क्योंकि उसका बेटा बहुत आलसी और गैर जिम्मेदार था वह हमेशा दोस्तों के साथ मस्ती करता रहता था। वह अपने पुत्र को एक मेहनती इंसान बनाना चाहता था। वह काफी बार अपने पुत्र को डांटता था लेकिन पुत्र उसकी बात पर ध्यान नहीं देता था। एक दिन उसने अपने पुत्र से कहा कि आज तुम घर से बाहर जाओ और शाम तक कुछ अपनी मेहनत से कमा के लाओ नहीं तो आज शाम को खाना नहीं मिलेगा।
 
लड़का बहुत परेशान हो गया वह रोते हुए अपनी मां के पास गया और उन्हें रोते हुए सारी बात बताई। मां का दिल पसीज गया और उसने उसे एक सोने का सिक्का दिया कि जाओ और शाम को पिता जी को दिखा देना। लड़के ने वैसे ही किया। शाम को जब पिता ने पूछा कि क्या कमा कर लाए हो तो उसने वह सोने का सिक्का दिखा दिया। पिता यह देखकर सारी बात समझ गया। उसने पुत्र से वह सिक्का कुएं में डालने को कहा। लड़के ने खुशी-खुशी सिक्का कुएं में फैंक दिया।

अगले दिन पिता ने मां को अपने मायके भेज दिया और लड़के को फिर से कमा के लाने को कहा। अब की बार लड़का रोते हुए बड़ी बहन के पास गया तो बहन ने दस रुपए दे दिए। लड़के ने फिर शाम को पैसे लाकर पिता को दिखा दिए। पिता ने कहा कि जाकर कुएं में डाल दो। लड़के ने फिर डाल दिए।

अब पिता ने बहन को भी उसके ससुराल भेज दिया। अब फिर लड़के से कमा के लाने को कहा। अब तो लड़के के पास कोई चारा नहीं था वह रोते हुआ बाजार गया और वहां उसे एक सेठ ने कुछ लकडिय़ां अपने घर ढोने के लिए कहा और कहा कि बदले में वह दो रुपए देगा। लड़के ने लकडिय़ां उठाईं और सेठ के साथ चल पड़ा। रास्ते में चलते-चलते उसके पैरों में छाले पड़ गए और हाथ-पैर भी दर्द करने लगे।

शाम को जब पिता जी को दो रुपए दिखाए तो पिता ने फिर कहा कि बेटा कुएं में डाल दो तो लड़का गुस्सा होते हुए बोला कि मैंने इतनी मेहनत से पैसे कमाए हैं और आप कुएं में डालने को बोल रहे हैं। पिता ने मुस्कुराते हुए कहा कि यही तो मैं तुम्हें सिखाना चाहता था, तुमने सोने का सिक्का तो कुएं में फैंक दिया लेकिन दो रुपए फैंकने में डर रहे हो क्योंकि यह तुमने मेहनत से कमाए हैं।

अब की बार पिता ने दुकान की चाबी निकाल कर बेटे के हाथ में दे दी और बोले कि आज वास्तव में तुम इसके लायक हुए हो क्योंकि आज तुम्हें मेहनत का अहसास हो गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News