खरगे ने आंध्र प्रदेश में कांग्रेस का प्रचार अभियान शुरू किया, गरीबों को 5,000 रुपए देने का वादा

punjabkesari.in Monday, Feb 26, 2024 - 10:33 PM (IST)

अनंतपुरः कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आगामी आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत सोमवार को राज्य के अनंतपुर में की और पात्र गरीब परिवारों को हर महीने 5,000 रुपये महीने देने का वादा किया। खरगे ने मासिक आर्थिक मदद को ‘कांग्रेस की गारंटी' करार दिया तथा कर्नाटक में पूरी की जा रहीं कांग्रेस की पांच गारंटियों और तेलंगाना में लागू की जा रहीं छह गारंटियों से बड़ा चुनावी वादा बताया। 

उन्होंने कहा, ‘‘यह वादा नहीं, गारंटी है। भारत में अन्य किसी राज्य ने ऐसा नहीं किया, लेकिन हम गरीबों के लिए वादा कर रहे हैं। हर गरीब परिवार को हर महीने उनके खाते में 5,000 रुपये मिलेंगे।'' 

खरगे ने राज्य में पार्टी की पहली चुनावी सभा को संबोधित करते हुए अंग्रेजी और कन्नड भाषाओं का इस्तेमाल किया क्योंकि क्षेत्र में बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक कन्नडिगा भी रहते हैं जो कर्नाटक की सीमा से लगा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के दिमाग में जब आंध्र प्रदेश आता है तो वे भावुक हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह राज्य उनके दिल के करीब है। 

खरगे ने कहा कि भारत के दो पूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन और एन संजीव रेड्डी का जन्म अनंतपुर जिले में हुआ था और पूर्व अविभाजित आंध्र प्रदेश ने देश को पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत पी वी नरसिम्हा राव तथा पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वाई एस राजशेखर रेड्डी दिए थे। उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि मेडक लोकसभा क्षेत्र ने इंदिरा गांधी को सांसद चुना था। 

खरगे ने कांग्रेस नेताओं का आह्वान किया कि आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष वाई एस शर्मिला को मजबूती प्रदान करें और राज्य में पार्टी का मान बढ़ाएं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अगर कांग्रेस कमजोर है , जैसा प्रधानमंत्री दर्शाते हैं तो वह इस पर हमला क्यों करते हैं और ‘‘इसके सांसदों को क्यों खरीदा जाता है''। 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और गांधी परिवार के अन्य सदस्यों पर निशाना साधने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना करते हुए खरगे ने दावा किया कि ऐसा इसलिए है क्योंकि मोदी उनसे डरे हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मोदी मुझे भी नहीं छोड़ते क्योंकि वह कांग्रेस अध्यक्ष से भी डरे हुए हैं।'' प्रधानमंत्री की तुलना एक तानाशाह से करते हुए खरगे ने कहा कि मौलिक अधिकारों को बचाने के लिए ‘फासीवादी ताकतों' को पराजित करना सभी का कर्तव्य है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News