Punjab : हलवारा एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट का ऐलान, जानें क्या रहेगी टाइमिंग
punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 05:57 PM (IST)
लुधियाना (हितेश) : पंजाब के लुधियाना शहर के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। हलवारा एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट 15 मई को उड़ान भरेगी। यह फ्लाइट लुधियाना से दिल्ली के बीच संचालित होगी। इसकी पुष्टि केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दिल्ली-लुधियाना फ्लाइट की टिकट भी शेयर की।
लुधियाना में एयरपोर्ट की मांग कई वर्षों से उठती रही है। इससे पहले साहनेवाल एयरपोर्ट से फ्लाइट शुरू करने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह सफल नहीं हो पाई। इसके बाद माछीवाड़ा और लाडोवाल में एयरपोर्ट बनाने की मांग भी उठी, मगर कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। अंततः चंडीगढ़ की तर्ज पर हलवारा में एयरपोर्ट बनाने का फैसला लिया गया।
हालांकि हलवारा एयरपोर्ट का निर्माण करीब एक साल पहले ही पूरा हो चुका था, लेकिन जरूरी मंजूरी मिलने में देरी हुई। इसके बाद 1 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि मार्च या अप्रैल से उड़ानें शुरू हो जाएंगी, लेकिन अब 15 मई की तारीख तय कर दी गई है।
फ्लाइट शेड्यूल के अनुसार, यह उड़ान सुबह 5:55 बजे दिल्ली से रवाना होगी और 7:40 बजे लुधियाना पहुंचेगी। वहीं, वापसी में यह फ्लाइट दोपहर 12:55 बजे लुधियाना से उड़ान भरकर 2:10 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
इस नई फ्लाइट सेवा के शुरू होने से लुधियाना और आसपास के क्षेत्रों के लोगों में खुशी की लहर है। खासकर उद्योग जगत को इससे बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है, क्योंकि अब तक यात्रियों को उड़ान के लिए श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा जाना पड़ता था। अब हलवारा एयरपोर्ट के शुरू होने से न केवल यात्रा आसान होगी, बल्कि लुधियाना की इंडस्ट्री और व्यापार को भी नई गति मिलने की संभावना है।
