भाजपा का अकाली दल से 2024 तथा 2027 में कोई समझौता नहीं होगा : आर.पी. सिंह

punjabkesari.in Tuesday, Apr 25, 2023 - 08:08 PM (IST)

जालंधर (विशेष): भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि भाजपा का अकाली दल के साथ 2024 तथा 2027 में कोई समझौता नहीं होगा जैसा कि कुछ अकाली कार्यकर्ताओं द्वारा अफवाहें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा लोकसभा के चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लीडरशिप में लड़े जाएंगे क्योंकि देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों से काफी खुश है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने बलबूते पर पहले 2024 में लोकसभा तथा फिर 2027 में पंजाब विधानसभा के चुनाव लड़ेगी।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सिख समुदाय के साथ काफी अच्छे रिश्ते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने सिख समुदाय की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पहले करतारपुर साहिब कोरिडोर खोला और उसके बाद वीर बाल दिवस जैसे समारोह आयोजित किए। इसी तरह से प्रधानमंत्री की उज्ज्वला स्कीम तथा दलितों के लिए मकान बनाने वाली स्कीमें जनता को काफी प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि शहरी पंजाबी मतदाता पहले ही भाजपा के साथ है और अब वह भाजपा के निकट आ गया है। शहरी क्षेत्रों में खराब कानून व्यवस्था के कारण लोग डरे हुए हैं और वह भाजपा को मजबूती देंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सुरक्षा के मामलों को लेकर जनता भरोसा करती है और इस बार जालंधर में होने जा रहे लोकसभा सीट के उपचुनाव का नतीजा भाजपा के लिए 2024 में एक नया रास्ता खोल देगा। आर.पी. सिंह ने कहा कि पंजाब में समुचित भाजपा लीडरशिप एकजुट होकर काम कर रही है और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह भी भाजपा के लिए मैदान में आ चुके हैं। वह स्वयं शाहकोट जैसे देहाती क्षेत्रों का दौरा करके आए हैं और वहां भी सिख समुदाय के लोगों ने भाजपा को व्यापक समर्थन दिया है जिससे पता चलता है कि भाजपा का भविष्य पंजाब में काफी बेहतर है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News