जब होमगार्ड मौका देखकर ट्रेन में करने लगा छात्रा से छेड़छाड़ और...

Friday, May 22, 2015 - 03:04 AM (IST)

चंडीगढ़ : भारत घूमने आई ब्रिटिश छात्रा के साथ छेड़छाड़ के आरोप में अमृतसर जी.आर.पी. थाने में पंजाब होमगार्ड के एक कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जी.आर.पी. आरोपी की तलाश में जुटी है। मंगलवार को शहीद एक्सप्रैस में हुई इस घटना के संबंध में ब्रिटिश हाई कमिशन तक मामला पहुंचने के बाद पुलिस हरकत में आई और पीड़िता द्वारा मुहैया करवाए प्रमाणों के आधार पर कार्रवाई की गई। 

जी.आर.पी. थाना अमृतसर जंक्शन के एस.एच.ओ. धर्मिद्र कल्याण ने कहा कि ई-मेल पर मिली शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। आरोपी होमगार्ड कर्मी की पहचान सुखविंद्र सिंह के तौर पर हुई है। फिलहाल वह केंद्रीय जेल अमृतसर में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 
 
ब्रिटिश हाई कमिशन को दी शिकायत में ब्रिटिश छात्रा सोफिया (बदला हुआ नाम) ने बताया कि वह स्वर्ण मंदिर और जलियांवाला बाग देखने अमृतसर गई थी। लौटते वक्त  ट्रेन में मौजूद एक ‘पुलिस ऑफिसर’ उसके नजदीक आकर बैठ गया और उसकी जांघों को जानबूझ कर छुआ व गंदे-गंदे इशारे किए। 
 
छेड़छाड़ की शिकार ब्रिटिश छात्रा ने आरोपी होमगार्ड कर्मी की फोटो ले ली थी और नाम भी नोट कर लिया था। यही सुराग उसने ई-मेल के जरिए ब्रिटिश हाई कमिशन व अमृतसर पुलिस को भेजे। ई-मेल में मिली तस्वीर के जरिए ही जी.आर.पी. अधिकारी आरोपी सुखविंद्र सिंह की शिनाख्त करने में कामयाब हुए।
Advertising