किसानी सियासत: राहुल ने कहा, नहीं छीनने देंगे जमीन

punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2015 - 12:51 AM (IST)

लुधियाना: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने राजग सरकार के भूमि अधिग्रहण बिल को उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने वाला बताया और कहा कि इसके जरिये यह सरकार किसानों को बेघर करने का दुष्चक्र रच रही है। सरकार के इस मंसूबे को कतई पूरा नहीं होने देंगे। जमीन जिसकी है, उस पर उसका ही हक रहेगा। लगे हाथ उन्होंने पंजाब की अकाली दल-भाजपा गठबंधन सरकार पर भी तीखे हमले किए। कहा, पंजाब में किसान परेशान हैं। यही वजह है कि किसान अपनी समस्याओं को लेकर उनके बीच पहुंचे हैं।


मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का नाम लिए बगैर राहुल गांधी ने कहा कि खुद को किसानों का मसीहा करार देने वाली पंजाब सरकार यहां आकर देखे कि किसान उसकी नीतियों से कितने परेशान हैं। किसानों, मजदूरों के साथ किसी कीमत पर नाइंसाफी नहीं होने दी जाएगी। सड़क से लेकर संसद तक किसान, गरीब और मजदूर के हक में आवाज बुलंद करेंगे।


राहुल गांधी पंजाब प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी शकील अहमद, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, राज्यसभा सदस्य अंबिका सोनी, पंजाब कांग्रेस के प्रधान प्रताप सिंह बाजवा समेत अनेक नेताओं के साथ सबसे पहले श्री फतेहगढ़ साहिब की अनाज मंडी में शाम करीब पौने छह बजे पहुंचे। ग्रे कलर की टी-शर्ट और लाइट ग्रीन जींस पहने राहुल अपनी लैंड क्रूजर से उतरकर किसानों के बीच पहुंच गए। यहां उन्होंने करीब 45 मिनट बिताए।


इसके बाद वह मंडी गोबिंदगढ़ की अनाज मंडी में पहुंचे। यहां करीब आधे घंटे का वक्त बिताकर वह खन्ना की अनाज मंडी के लिए निकल पड़े। वह वहां शाम 7.20 बजे पहुंचे। वह भारी पुलिस सुरक्षा के बीच अनाज मंडी में किसानों के बीच पहुंच गए। किसानों, मजदूरों और आढ़तियों को सुना।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News