6 दिनों से मोर्चरी में पड़ा शव, नहीं हुआ पोस्टमार्टम

punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2015 - 03:05 AM (IST)

लुधियाना (ऋषि): सिविल अस्पताल के मुलाजिम ड्यूटी में किस हद तक लापरवाही बरत रहे हैं, इसका अंदाजा अस्पताल की मोर्चरी में पिछले 6 दिनों से पड़े एक अज्ञात व्यक्ति के शव को देखकर लगाया जा सकता है। शव का पोस्टमार्टम न होने का कारण यह है कि स्टाफ मोर्चरी में पड़े अज्ञात शव बारे पुलिस को सूचना देना भूल गया। इस बात का पता चलते ही एस.एम.ओ. परविंद्र सिंह लापरवाही बरतने वाले मुलाजिम की तलाश में जुट गए। 
 
25 फरवरी रात करीब 12 बजे एम्बुलैंस 108 ने थाना कोतवाली के इलाके में बीच सड़क पड़े करीब 85 वर्षीय वृद्ध को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। मरीज की पहचान न होने के कारण उसे मेल वार्ड में अज्ञात मरीजों के वार्ड में रखा गया। एक दिन बाद वृद्ध की मौत हो गई। जिसके बाद स्टाफ ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया लेकिन इस बारे में पुलिस को सूचित नहीं किया गया। इतना पुराना शव पड़ा होने की बात जब उच्चाधिकारियों के ध्यान में लाई गई तो सिविल स्टाफ ने तुरंत इस बारे में सिविल चौकी की पुलिस को शव का पोस्टमार्टम करवाने संबंधी जानकारी भेज दी। 
 
जल्द होगा पोस्टमार्टम थाना कोतवाली के प्रभारी ने बताया कि उन्हें आज ही मोर्चरी में अज्ञात शव होने संबंधी जानकारी मिली है। उन्होंने तुरंत इस मामले की कार्रवाई व शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए एक ए.एस.आई. की ड्यूटी लगा दी है। सिविल अस्पताल प्रशासन की तरफ से इतने समय तक सूचना न देने की बात को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने कहा कि वह मामले की जांच करेंगे। 
 
क्या है नियम 
 
नियमों के अनुसार जब कोई अज्ञात व्यक्ति का शव पुलिस को मिलता है तो उसे 72 घंटों के लिए अस्पताल की मोर्चरी में पहचान न होने के चलते रखा जाता है लेकिन इस मामले में 144 घंटे से ज्यादा का समय बीत जाने पर पुलिस को शव होने संबंधी पता चल पाया है। ऐसे में शव की हालत को देखकर उसकी पहचान करवाना पुलिस के लिए किसी मुश्किल से कम नहीं होगा।  

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News